शीशमबाड़ा प्लांट हटाने पर सीएम की ना से भड़के लोग, पढ़िए पूरी खबर
शीशमबाड़ा स्थित कूड़ा निस्तारण केंद्र को हटाने के लिए मुख्यमंत्री के स्तर से ना कहे जाने से आंदोलन कर रहे लोग भड़क गए। लोगों ने सरकार के पुतले को आग के हवाले किया।
देहरादून, जेएनएन। शीशमबाड़ा स्थित कूड़ा निस्तारण केंद्र को हटाने के लिए मुख्यमंत्री के स्तर से ना कहे जाने से आंदोलन कर रहे लोग भड़क गए। लोगों ने सेलाकुई में मुख्यमंत्री के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के पुतले को आग के हवाले किया। क्षेत्रवासियों ने स्थानीय विधायक पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए प्लांट को हटाने के लिए आर-पार की लड़ाई लडऩे की चेतावनी सरकार व विधायक को दी है।
शीशमबाड़ा स्थित कूड़ाघर को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोगों द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को झटका लगा है। गंदगी व दुर्गंध से परेशान स्थानीय निवासियों द्वारा कूड़ा प्लांट को हटाए जाने की मांग सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से की गई थी। जिसके जवाब में सीएम हेल्पलाईन ने कूड़ा घर को भविष्य में न हटाए जाने की बात कही है। सीएम हेल्पलाइन पर मिले जवाब से नाराज क्षेत्रवासियों ने सेलाकुई की सड़कों पर जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को हटाने के लिए मांगा चंदा
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री के पुतले को आग के हवाले करते हुए सरकार से प्लांट को हर कीमत पर हटाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय विधायक पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा विधायक जनता से प्लांट के रुड़की स्थानांतरित किए जाने की झूठी बात प्रचारित करके उनके आंदोलन को गुमराह करने का प्रयास किया। क्षेत्रवासियों ने प्लांट के अन्यत्र शिफ्ट कराने को लेकर आर-पार की लड़ाई शुरु करने का ऐलान भी किया।
यह भी पढ़ें: यहां ऐसे ही खत्म न होगी प्लांट की लड़ाई, फिर हो सकता है आंदोलन
सीएम पोर्टल पर क्षेत्रवासियों की शिकायत पर ये मिला जवाब
सैकड़ों स्थानीय लोगों ने अभियान चलाकर सीएम पोर्टल के माध्यम से अपनी आवाज प्रदेश के मुख्यमंत्री तक पहुंचाते हुए क्षेत्र में समस्याओं का कारण बन रहे कूड़ाघर को हटाए जाने की मांग मुख्यमंत्री से की थी। जिसके जवाब में सीएम हेल्पलाइन पर उन्हें मेसेज दिया गया है, स्वास्थ्य अनुभाग नगर निगम की आख्या अनुसार शीशमबाड़ा प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण एवं संचालन कार्य नगरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन निगम नियम 2016 एवं केंद्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य व पर्यावरण इंजीनियरिंग संगठन के निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया है। उक्त प्लांट को वर्तमान में स्थानांतरित किए जाने की कोई योजना नहीं है।
यह भी पढ़ें: यहां 500 लोगों ने राष्ट्रपति से मांगी इच्छामृत्यु, जानिए क्या है पूरा मामला