विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में बोले पेमा खांडू, चैटजीपीटी नहीं किताबें बढ़ाएंगी सोचने-समझने की क्षमता, वैली ऑफ वर्ड्स महोत्सव का किया उद्घाटन

By Shukant MamgainEdited By: Rahul Chauhan
Published: Fri, 27 Nov 2026 03:58 PM (IST)

वैली ऑफ वर्ड्स महोत्सव में पेमा खांडू ने कहा कि चैटजीपीटी ज्ञान का विकल्प नहीं, किताबें ही सोचने-समझने की क्षमता बढ़ाती हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। स्मार्टफोन और चैटजीपीटी के बढ़ते इस्तेमाल के बीच युवाओं में किताबें पढ़ने की आदत कम होती जा रही है। तकनीक से सूचनाएं जुटाई जा सकती हैं, लेकिन किसी विषय को गहराई से समझने, उसका विश्लेषण करने और अपनी स्वतंत्र सोच विकसित करने के लिए किताबों का कोई विकल्प नहीं है।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को वैली ऑफ वर्ड्स अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव के दसवें संस्करण में यह बात कही। उन्होंने कहा कि साहित्यिक उत्सव केवल किताबों और लेखकों तक सीमित नहीं होते, बल्कि नई पीढ़ी को पढ़ने, सवाल करने और विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर देते हैं।

पेमा खांडू ने कहा कि मौजूदा समय में सार्थक बहस और अलग-अलग विचारों के लिए जगह बनाए रखना जरूरी है। संस्कृति अतीत में ठहरी हुई चीज नहीं, बल्कि समय के साथ बदलती और विकसित होती रहती है। ऐसे में किसी एक विचार को अंतिम सत्य मान लेना समाज की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता को सीमित करता है।

युवाओं को सवाल पूछने चाहिए, अपनी बात रखनी चाहिए और असहमति जताने से भी पीछे नहीं हटना चाहिए। हालांकि, विचारों के मतभेद को आपसी विभाजन का कारण नहीं बनने देना चाहिए।

उत्तराखंड और अरुणाचल के सैनिक रिश्तों को किया याद

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश के बीच पुराने सैन्य संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों राज्यों का जुड़ाव केवल भौगोलिक या प्रशासनिक नहीं, बल्कि साझा सैन्य इतिहास से भी जुड़ा है। उन्होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध में तवांग की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले पौड़ी के राइफलमैन जसवंत सिंह रावत को याद किया।

उन्होंने वालोंग में छह कुमाऊं के जवानों की भूमिका का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही जनरल बिपिन रावत के किबिथू में तैनाती के दौरान के अनुभवों को याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सैनिकों ने अरुणाचल की सीमाओं की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मेजर बॉब खाथिंग के योगदान को सामने लाने के लिए कराया शोध

पेमा खांडू ने तवांग को भारतीय प्रशासन के अधीन लाने में मेजर बॉब खाथिंग के योगदान को भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इतिहास में उनका महत्वपूर्ण योगदान लंबे समय तक अपेक्षित रूप से सामने नहीं आ पाया था।

मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने इस विषय पर शोध कराया और मेजर खाथिंग की भूमिका को देशभर में सामने लाने का प्रयास किया। इसी क्रम में तवांग में उनके नाम पर संग्रहालय बनाने की पहल की गई। उन्होंने बताया कि संग्रहालय की आधारशिला जनरल बिपिन रावत की मौजूदगी में रखी गई थी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, मेजर खाथिंग छह फरवरी 1951 को तवांग पहुंचे थे और 14 फरवरी को वहां भारतीय ध्वज फहराया था। उन्होंने इस प्रसंग को भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। कहा कि देश की सीमाओं और प्रशासनिक एकीकरण में योगदान देने वाले लोगों के बारे में नई पीढ़ी को जानकारी होनी चाहिए।

सीमावर्ती गांव अब देश के पहले गांव

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की वाइब्रेंट विलेजेज योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीमावर्ती गांवों को देश के आखिरी गांव के बजाय पहले गांव के रूप में देखने की सोच विकसित की है।

उत्तराखंड के माणा गांव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। योजना के पहले चरण की शुरुआत अरुणाचल प्रदेश के किबिथू से की गई थी। दूसरे चरण में भूटान और म्यांमार सीमा से लगे गांवों को भी शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि पहले सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों का पलायन होता था। अब इन गांवों में सड़क, संपर्क, आजीविका और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

सीमावर्ती गांवों में सुविधाएं बढ़ेंगी तो स्थानीय लोग वहीं रहकर अपनी आजीविका चला सकेंगे और सीमाओं पर आबादी भी बनी रहेगी।
मातृभाषा में लिखें, जनजातीय कहानियों को सहेजें पेमा खांडू ने अरुणाचल प्रदेश की जनजातीय संस्कृति और मौखिक परंपराओं को संरक्षित करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि वहां विभिन्न समुदायों की अपनी भाषाएं, लोककथाएं, परंपराएं और जीवनशैली हैं। इनमें पीढ़ियों से संचित ज्ञान मौजूद है, लेकिन यदि इन्हें लिखित रूप में दर्ज नहीं किया गया तो समय के साथ इनके खोने का खतरा है।

उन्होंने साहित्यकार मामंग दाई, दिवंगत लंबर दाई और पद्मश्री वाईडी थोंगची का उल्लेख करते हुए कहा कि लेखन के माध्यम से जनजातीय समाज की कहानियों और अनुभवों को व्यापक पहचान मिली है। युवाओं को अपनी मातृभाषा में पढ़ना-लिखना चाहिए और अपने समुदाय की संस्कृति पर काम करना चाहिए।

बुजुर्गों से उनके अनुभव और परंपराओं के बारे में जानना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण और ग्लेशियरों के पिघलने को भी बड़ी चुनौती बताया। कहा कि विकास के साथ प्रकृति और विरासत का संरक्षण भी जरूरी है।

तवांग में साहित्यिक आयोजन का दिया आमंत्रण

मुख्यमंत्री ने वैली ऑफ वर्ड्स के दसवें संस्करण को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए आयोजकों और पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने युवा पाठक वर्ग के लिए दिए गए सम्मान का उल्लेख करते हुए नागालैंड के लेखक होतुका सुमी की पुस्तक 'द जायंट्स' की सराहना की। उन्होंने कहा कि साहित्यिक मंच अलग-अलग क्षेत्रों, भाषाओं और संस्कृतियों को एक-दूसरे से जोड़ते हैं।

पेमा खांडू ने वैली ऑफ वर्ड्स के फेस्टिवल डायरेक्टर डॉ. संजीव चोपड़ा का आभार जताते हुए उनके साथ अपने पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह पहले भी देहरादून आ चुके हैं, लेकिन इस बार शहर और यहां के बौद्ध मठों को समझने के लिए एक दिन पहले पहुंचे।

उन्होंने पूर्व सांसद तरुण विजय की ओर से संचालित स्कूल का भी दौरा किया, जहां पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों के बच्चे पढ़ते हैं। वहां छात्रों और बौद्ध भिक्षुओं से बातचीत के साथ उन्होंने अलग-अलग बौद्ध परंपराओं के मठों को भी देखा।

मुख्यमंत्री ने वैली ऑफ वर्ड्स, साहित्य अकादमी और द प्रिंट से तवांग में राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर का साहित्यिक आयोजन करने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें- देहरादून में साहित्य कला संगीत का संगम वैली आफ वर्ड्स महोत्सव शुक्रवार से, अरुणाचल के सीएम पेमा खांडू करेंगे उद्घाटन

यह भी पढ़ें- देहरादून के जनजातीय विद्यालय में अरुणाचल के CM पेमा खांडू का दौरा, बोले जहां भी जाएं अपनी भाषा-संस्कृति के साथ बढ़ें आगे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।