विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड-नेपाल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पंतनगर से काठमांडू के बीच शुरू हो सीधी उड़ान: सतपाल महाराज

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:17 PM (IST)

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने पंतनगर-काठमांडू सीधी उड़ान और 'एक तराई, दो राष्ट्र' पर्यटन सर्किट का प्रस्ताव रखा है। इसका उद्देश्य उत्तराखंड और नेपाल के बीच धार्मिक, वन्यजीव व सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देकर रोजगार सृजित करना है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड और नेपाल के बीच पर्यटन व हवाई संपर्क को नई ऊंचाई देने के लिए पंतनगर से काठमांडू के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। साथ ही दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों को जोड़कर ''एक तराई, दो राष्ट्र'' नाम से संयुक्त पर्यटन सर्किट विकसित करने की रूपरेखा भी सामने रखी है।

इसके तहत धार्मिक पर्यटन, वन्यजीव पर्यटन और थारू संस्कृति को केंद्र में रखकर साझा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार और स्थानीय आजीविका के नए अवसर सृजित करने की योजना है।

कैबिनेट मंत्री महाराज गुरुवार को नई दिल्ली में नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से आयोजित नेपाल कालिंग डेस्टिनेशन प्रमोशन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों की साझा धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत है।

महाराज ने कार्बेट, नंधौर और नेपाल के शुक्लाफांटा राष्ट्रीय उद्यान को जोड़कर ''तराई आर्क टाइगर ट्रेल'' विकसित करने का सुझाव दिया। खटीमा में थारू हेरिटेज होमस्टे क्लस्टर बनाने और टनकपुर के मां पूर्णागिरि धाम को नेपाल के सिद्ध बाबा मंदिर से जोड़कर संयुक्त धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने पर भी जोर दिया।

इसके लिए बनबसा सीमा पर आवागमन सरल बनाने, साझा शटल सेवा और पर्यटक सूचना केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना की डीपीआर में जलाशय पर्यटन को शामिल करने, टनकपुर-महेंद्रनगर लिंक रोड का कार्य शीघ्र शुरू कराने और तराई-महाकाली पर्यटन सर्किट को स्वदेश दर्शन तथा प्रसाद योजना में प्राथमिकता देने पर बल दिया।

उन्होंने उत्तराखंड और नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रदेश के बीच संयुक्त पर्यटन कार्यदल बनाने का भी सुझाव दिया, जो साझा पर्यटन पैकेज और प्रचार के साथ साइकिल रैली तथा तराई बर्ड फेस्टिवल जैसे आयोजन कर सके।

यह भी पढ़ें- पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को मिली पर्यावरणीय मंजूरी, 3000 मीटर लंबा होगा रनवे

यह भी पढ़ें- पंतनगर एयरपोर्ट पर बम की सूचना, सुरक्षा एजेंसियों ने मॉक ड्रिल में परखी तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।