विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को मिली पर्यावरणीय मंजूरी, 3000 मीटर लंबा होगा रनवे

Published: Thu, 19 Nov 2026 06:00 AM (GMT+05:30)

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (एसईआईएए) से पर्यावरणीय स्वीकृति मिल गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. एयरपोर्ट विस्तार को पर्यावरणीय स्वीकृति मिली।

  2. रनवे 1372 मीटर से बढ़कर 3000 मीटर होगा।

  3. कुमाऊं में पर्यटन, उद्योग, रोजगार को बढ़ावा।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को नई उड़ान देने की दिशा में पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की बड़ी बाधा दूर हो गई है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (एसईआईएए) ने बुधवार को परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति प्रदान कर दी। इसके साथ ही एयरपोर्ट के रनवे को मौजूदा 1372 मीटर से बढ़ाकर 3000 मीटर करने का रास्ता साफ हो गया है।

करीब 375.33 करोड़ रुपये की इस परियोजना से बड़े विमानों का संचालन संभव होगा। इससे कुमाऊं में पर्यटन, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को भी गति मिलेगी। इसकी खास बात यह है कि परियोजना के लिए किसी परिवार को विस्थापित या पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले प्राधिकरण ने राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन समिति की संस्तुति के आधार पर यह मंजूरी दी है। समिति ने सात अक्टूबर और तीन नवंबर को परियोजना का परीक्षण करने के बाद पर्यावरणीय शर्तों के साथ स्वीकृति की सिफारिश की थी।

पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कुमाऊं के लिए ऐतिहासिक कदम: सीएम धामी

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल बढ़कर 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसके लिए 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि का उपयोग किया जाएगा। परियोजना में टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 937 से बढ़ाकर 9437 वर्ग मीटर किया जाएगा।

विमान पार्किंग स्थल दो से बढ़कर सात होंगे, जबकि टैक्सी वे की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। एयरपोर्ट को सालाना 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

पर्यावरणीय स्वीकृति के तहत सीवेज शोधन, सौर ऊर्जा और हरित क्षेत्र विस्तार की शर्तें भी रखी गई हैं। मौजूदा 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र के अतिरिक्त पांच हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कुमाऊं के लिए ऐतिहासिक कदम है।

इससे पर्यटन, उद्योग व रोजगार को गति मिलेगी और आपदा के समय राहत कार्यों में भी मदद मिलेगी। पर्यावरण से जुड़ी सभी शर्तों का पालन किया जाएगा। एएआई के साथ मिलकर इस कार्य को समय पर पूरा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- देहरादून: ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 12 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम दर्ज; 35,883 नए जोड़े, 1,934 नाम हटाए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।