विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी के दौरे से पहले पाक एजेंट देहरादून से गिरफ्तार, पाकिस्तान भेज रहा था सैन्य ठिकानों की लोकेशन

Published: Fri, 10 Apr 2026 05:26 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी के देहरादून दौरे से पहले उत्तराखंड एसटीएफ ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत एक युवक विक्रांत कश्यप को गिरफ्तार किया है।

उत्तराखंड एसटीएफ ने देहरादून से गिरफ्तार किया पाकिस्तानी एजेंट।

उत्तराखंड एसटीएफ ने देहरादून से गिरफ्तार किया पाकिस्तानी एजेंट।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे से ठीक पहले राजधानी देहरादून में आतंकी गतिविधियों से जुड़ा बड़ा मामला सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत प्रेमनगर क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान में बैठे आकाओं को दून के सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों की लोकेशन व वीडियो भेज रहा था।

गिरफ्तार आरोपित विक्रांत कश्यप (29) निवासी झाझरा, प्रेमनगर के कब्जे से अवैध .32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

pistol recovered

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार आरोपित के संपर्क पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा से पाए गए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपित इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और वाट्सएप के जरिये लगातार संपर्क में था और उनके निर्देश पर शहर के संवेदनशील स्थानों की रेकी कर रहा था।

उसने आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की वीडियो फुटेज और लोकेशन पाकिस्तान भेजी।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसे “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान” के नाम से शहर की दीवारों पर स्प्रे पेंट कर दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे। आरोपित ने कई स्थानों पर पेंटिंग कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी अपने हैंडलर्स को भेजी।

एसटीएफ के अनुसार, आरोपित को नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और बदले में धनराशि देने का लालच दिया गया था। मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ जांच तेज कर दी गई है।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले हुई इस गिरफ्तारी को सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आरोपित के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मोदी दौरे को लेकर सुरक्षा घेरा और कड़ा

प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए देहरादून में पहले से ही बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। संवेदनशील स्थलों, मार्गों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास पुलिस, खुफिया इकाइयों और केंद्रीय एजेंसियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अब पुराने इनपुट भी खंगाल रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। शहर के प्रवेश मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख सरकारी परिसरों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- संभल में ATS का बड़ा एक्शन: जाली नोटों की तस्करी के शक में एक संदिग्ध को पकड़ा, आतंकी कनेक्शन की जांच शुरू

यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी आतंकी हुरैरा और उस्मान समेत 5 LeT आतंकी 10 दिन की रिमांड पर, देश भर में बड़े हमले की रच रहे थे साजिश