संभल में ATS का बड़ा एक्शन: जाली नोटों की तस्करी के शक में एक संदिग्ध को पकड़ा, आतंकी कनेक्शन की जांच शुरू
संभल में एटीएस ने जाली नोटों की तस्करी के आरोप में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। एटीएस ...और पढ़ें
-1775761756938_m.webp)
एआई जेनेरेटेड तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, संभल। आतंकी गतिविधियों के बाद अब संभल के दामन पर नोट तस्करी का दाग भी लगा है। आतंकी निरोधक दस्ता (एटीएस) ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है।
आशंका है कि युवक जाली नोटों की तस्करी करता था। एटीएस इस पूरी गतिविधि में पड़ोसी मुल्क की संलिप्तता के साथ ही आतंकी कनेक्शन और हवाला कारोबार से जुड़े बिंदुओं को भी खंगाल रही है। 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर हुई हिंसा के बाद संभल की हर गतिविधि पर शासन-प्रशासन के साथ एटीएस की भी पूरी नजर है।
हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा का पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से संपर्क होने की बात पहले ही सामने आ चुकी है। मार्च 2026 में ही संभल की इरम उर्फ शाने मेहराज को गाजियाबाद पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
उस पर पाकिस्तानी सहित विदेशी नंबरों पर देश के प्रमुख रेलवे स्टेशन व रक्षा स्थलों के फोटो-वीडियो भेजने का आरोप था। उसके बाद एटीएस ने भी उसकी कुंडली खंगाली। इसी कड़ी में गुरुवार को एटीएस ने एक संदिग्ध युवक को उठाया है।
आशंका है कि आरोपित बड़े स्तर पर जाली नोटों की तस्करी करता था। अब एटीएस की टीम इस बात की जानकारी जुटा रही कि उसे जाली नोटों की सप्लाई कहां से और कब-कब मिली है?
अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच की जा रही है। एटीएस अपने स्तर से इस मामले में पूछताछ कर रही है। जल्द ही इस प्रकरण का पूरा राजफाश होने की उम्मीद है।
