विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल से लापता पिता-पुत्र की हत्या: शामली में मिली लाशें, पिकअप लूट के चक्कर में वारदात को अंजाम

Published: Tue, 07 Apr 2026 09:01 PM (IST)

संभल से लापता पिता-पुत्र नरेश और भीमसेन के शव छठे दिन शामली में बरामद हुए हैं। वे 2 अप्रैल को ...और पढ़ें

भीमसेन और नरेश की फाइल फोटो

भीमसेन और नरेश की फाइल फोटो

HighLights

  1. अपहरण दर्ज होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस, दातागंज निवासी से पूछताछ के बाद खुलासा

संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)।  धनारी थाना क्षेत्र के भिरावटी के मजरा मलुआ के घेर से दो अप्रैल को बुकिंग पर निकले नरेश (42) और उनके पुत्र भीमसेन (20) के शव मंगलवार को छठे दिन शामली जनपद में बरामद कर लिए गए। इस मामले में चार अप्रैल को अपहरण का मुकदमा दर्ज कर संभल पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं, जिन्होंने कार्रवाई करते हुए दोनों के शव और पिकअप वाहन बरामद किया।

विदित रहे कि दो अप्रैल की सायं करीब 7:30 बजे एक फोन काल आने पर नरेश अपने पुत्र भीमसेन के साथ पिकअप वाहन लेकर निकले थे। नरेश की पत्नी गीता ने बताया कि वाहन में दो अज्ञात व्यक्ति भी सवार थे, जिन्होंने गाड़ी बुक की थी। रात करीब 10 बजे गढ़ टोल प्लाजा दिल्ली रोड के पास नरेश की अंतिम बार एक रिश्तेदार से बात हुई थी जिसके बाद दोनों के मोबाइल बंद हो गए और संपर्क नहीं हो सका।

स्वजन ने बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र निवासी संदीप नाम के व्यक्ति पर शक जताया था। सोमवार को गांव के दो दर्जन से अधिक लोग अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने पुलिस की कार्रवाई में तेजी लाने की मांग की थी। स्वजन के अनुसार बदायूं के दातागंज के ही रहने वाले व्यक्ति की निशानदेही पर पुलिस टीम शामली पहुंची और वहां से दोनों शव बरामद किए गए।

साथ ही पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस शवों को संभल ला रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। शवों की शिनाख्त के लिए नरेश के भाई दुर्जन और रामनाथ को भी पुलिस अपने साथ ले गई है। जनपद की पुलिस ने इस संबंध में कुछ भी नहीं बताया है, अधिकारियों ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है।

यह भी पढ़ें- संभल लौटेगा 1978 दंगे में पलायन करने वाले पीड़ित का परिवार, प्रशासन से मांगी जमीन, कहा- दादा की यादें…