पाकिस्तानी आतंकी हुरैरा और उस्मान समेत 5 LeT आतंकी 10 दिन की रिमांड पर, देश भर में बड़े हमले की रच रहे थे साजिश
श्रीनगर कोर्ट ने लश्कर-ए-तैयबा के पांच आतंकियों को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है, जिनमें दो पाकिस्तानी नागरिक ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा में 19 स्थानों पर छापेमारी, हथियार बरामद।
HighLights
पांच लश्कर आतंकी 10 दिन की पुलिस रिमांड पर।
पाकिस्तानी आतंकी अब्दुल्ला और उस्मान भी शामिल हैं।
देश भर में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। देश भर बड़े आतंकी हमले की साजिश रचने वाले लश्कर-ए-तैयबा के पांच आतंकियों को श्रीनगर में स्थानीय अदालत ने 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इनमें पाकिस्तान आतंकी अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा व उस्मान उर्फ खुबैब शामिल है।
जबकि अन्य तीन आतंकियों में श्रीनगर के निवासी मोहम्मद नकीब बट, आदिल राशिद बट व गुलाम मोहम्मद मीर उर्फ मामा शामिल हैं। उक्त पाकिस्तानी आतंकी पिछले 16 वर्षों से देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकी माड्यूल तैयार करने के लिए सक्रिय थे। इसका नेतृत्व पाकिस्तानी आतंकी अब्दुल्ला कर रहा था।
अंतरराज्यीय कड़ियों का भी पता लगाया जा रहा
मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपितों को अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। जांच एजेंसियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षाबल की इस कार्रवाई से आतंकियों के अन्य सहयोगियों, उनके फंडिंग नेटवर्क, सुरक्षित ठिकानों के साथ अंतरराज्यीय कड़ियों का पता लगाया जा सकेगा।
जम्मू-कश्मीर पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई छह महीने पहले लाल किला विस्फोट से जुड़े सफेदपोश कालर आतंकी माड्यूल के ध्वस्त होने के बाद हुई है। पुलिस के अनुसार, 31 मार्च से शुरू हुए इस आपरेशन में जम्मू-कश्मीर, राजस्थान व हरियाणा में 19 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान चार एके राइफल, पिस्तौल, हैंड ग्रेनेड व इलेक्ट्रानिक उपकरण सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए।
करीब 40 विदेशी आतंकियों का नेतृत्व किया
दोनों पाकिस्तानी आतंकी ए श्रेणी के थे। वे करीब 16 साल पहले भारत में घुसपैठ कर कश्मीर के विभिन्न जिलों में सक्रिय रहे। उन्होंने करीब 40 विदेशी आतंकियों का नेतृत्व किया। इनमें अधिकांश को सुरक्षाबल ने मार गिराया है। जांच में यह सामने आया कि आतंकी फर्जी दस्तावेजों व पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर देश के विभिन्न हिस्सों में नेटवर्क चला रहे थे। एक विदेशी आतंकी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वैध पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने में भी सफल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क का राजफाश 31 मार्च को नकीब भट की गिरफ्तारी से शुरू हुआ। उसके पास से हथियार व आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी। पूछताछ में मिले सुरागों पर अन्य आरोपितों तक पहुंच बनाई गई। सुरक्षा एजेंसियां अब आतंकियों के पूरे नेटवर्क को खत्म करने और इससे जुड़े सभी लोगों को पकड़ने के लिए व्यापक जांच कर रही हैं।
