विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 22, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

निर्दोष कश्मीरी छात्रों के पक्ष में उतरी एनएसयूआइ, सुरक्षा की पैरवी

By BhanuEdited By:
Published: Fri, 22 Feb 2019 12:31 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 22 Feb 2019 07:49 PM (GMT+05:30)

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने जिलाधिकारी व एसएसपी को ज्ञापन देकर निर्दोष कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा की मांग की। वहीं ...और पढ़ें

निर्दोष कश्मीरी छात्रों के पक्ष में उतरी एनएसयूआइ, सुरक्षा की पैरवी
निर्दोष कश्मीरी छात्रों के पक्ष में उतरी एनएसयूआइ, सुरक्षा की पैरवी

देहरादून, जेएनएन। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) ने जिलाधिकारी व एसएसपी को ज्ञापन देकर निर्दोष कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा की मांग की। साथ ही कहा कि जो कश्मीरी छात्र आपत्तिजनक पोस्ट डालकर माहौल को बिगड़ रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। 

ज्ञापन के माध्यम से एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीदों को लेकर कुछ कश्मीरी छात्रों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की थी। जिनके खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। 

उन्होंने कहा कि कुछ संगठनों ने निर्दोष कश्मीरी छात्र-छात्राओं को भी परेशान करना शुरू कर दिया है। जिससे माहौल बिगड़ रहा है और कई कश्मीरी छात्र-छात्राएं दून से वापस जा चुके हैं। इससे दून की छवि खराब हुई है। उन्होंने कहा प्रशासन ऐसी व्यवस्था बनाएं कि निर्दोष कश्मीरी छात्रों को कोई परेशान न करे। 

एनएसयूआइ की मांगें 

- सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले कश्मीरी छात्रों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए। 

- निर्दोष कश्मीरी छात्र-छात्राओं को प्रशासन सुरक्षा दे और उनके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करें।

- ऐसे लोग और संगठन जो माहौल खराब कर रहे हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। 

- जिन निजी संस्थानों ने कहा है कि नए सत्र से कश्मीरी छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं देंगे, उन पर भी प्रशासन स्थिति स्पष्ट करे। ताकि छात्र-छात्राओं को सही जानकारी मिल सकें।

पाक के साथ खेलने पर लगे पाबंदी: पांडेय

शिक्षा व खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने राज्य में अध्ययनरत कश्मीरी छात्र-छात्राओं को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया तो सेना या देशभक्ति की भावना के खिलाफ टिप्पणी को लेकर आगाह भी किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की हरकतों की वजह से उसके साथ खेलने पर पाबंदी लगनी चाहिए। 

राज्य में अध्ययनरत कश्मीर के छात्र-छात्राओं की वापसी के मामले में शिक्षा व खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि उत्तराखंड में कश्मीर के छात्र-छात्राएं सुरक्षित हैं। सरकार उनकी सुरक्षा के प्रति सजग है। साथ में उन्होंने राज्य में पढ़ रहे इन युवाओं को आगाह भी किया कि हमारी सेना या जवानों के लिए आतंकियों की ढाल बनने से बचना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि सेना या देशभक्ति की भावना के खिलाफ किसी भी स्तर पर टिप्पणी से उन्हें बचना चाहिए। ऐसी किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्र-छात्राओं को किसी भी उकसाने वाली गतिविधियों से दूर रहकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी पढ़ाई पर फोकस करना चाहिए। इसमें सरकार उनके साथ खड़ी है। 

काबीना मंत्री अरविंद पांडेय ने पाकिस्तान के साथ खेल गतिविधियों को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों पर हमले का सबब बन रहे पाकिस्तान के साथ खेलों पर पाबंदी लगनी चाहिए। ऐसे देश के साथ किसी प्रकार का रिश्ता स्वीकार नहीं है।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा को लेकर पीडीपी संतुष्ट

यह भी पढ़ें: हरीश रावत और इंदिरा हृदयेश पहुंचे शहीद के घर, फोटो खींचने पर भड़के परिजन