अब आमजन के लिए बंद रहेंगी आढ़त बाजार की दुकानें, पढ़िए पूरी खबर
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यापारियों और पुलिस ने मिलकर नई व्यवस्था बनाई है। अब आढ़त बाजार की दुकानें आमजन के लिए बंद रहेंगी।
देहरादून, जेएनएन। राशन खरीदने को उमड़ रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यापारियों और पुलिस ने मिलकर नई व्यवस्था बनाई है। अब आढ़त बाजार की दुकानें आमजन के लिए बंद रहेंगी। लोगों को अपने नजदीकी रिटेलर से फोन कर राशन घर मंगवाना होगा।
कोतवाली पुलिस के साथ हुई बैठक में आढ़त बाजार, हनुमान चौक, रामलीला बाजार, श्री गुरु राम राय मार्केट के व्यापारियों ने राशन को उमड़ रही भीड़ को नियंत्रित करने पर चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सुबह सात बजे से पूर्व तक खाद्यान्न एवं अन्य अति आवश्यक वस्तुओं की अनलोडिंग करवाई जा सकेगी। लेकिन, सात बजे से 10 बजे तक ये बाजार बंद रहेंगे। 27 मार्च से प्रतिदिन दोपहर दो बजे से साढ़े चार बजे तक क्षेत्र में आढ़त बाजार व अन्य से खाद्य सामग्री का लदान रिटेलर के वाहनों में किया जाएगा। रिटेल स्टोर जिन्हें संबंधित थानों से पास जारी है, के वाहनों को ही क्षेत्र में एंट्री दी जाएगी।
साइकिल, बाइक, स्कूटर, कार, किसी भी प्रकार के यात्री तिपहिया या चौपहिया वाहनों की क्षेत्र में एंट्री पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगी। उपभोक्ताओं को केवल अपने-अपने नजदीकी रिटेल स्टोर से होम डिलीवरी करवानी होगी। सुबह सात से 10 बजे के बीच उपभोक्ता नगर के सभी क्षेत्रों में खाद्य सामग्री से संबंधित रिटेल स्टोर से सामग्री खरीद सकते हैं। व्यापारियों ने कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए सभी से सतर्कता बरतने और एहतियात बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: 25 आइएफएस प्रशिक्षुओं की 14 दिन की क्वारंटाइन अवधि पूरी
मंडी में हर किसी को नहीं मिलेगी एंट्री
मंडी सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक खुलेगी। लेकिन, मंडी में हर किसी को एंट्री नहीं मिलेगी। यहां सुबह से पहले सब्जी के फुटकर विक्रेताओं को प्रवेश मिलेगा। इसके बाद गेट पर पुलिस की सहायता से सीमित लोगों को एक बार मे प्रवेश दिया जाएगा। मंडी सचिव ने बताया कि भीड़ होने की आशंका के चलते यह कदम उठाया जा रहा है। ऐसे में एक समय मे मंडी में अधिक भीड़ नहीं होने दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Lockdown Upate: लॉकडाउन में आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी को उमड़े लोग