अराजपत्रित कर्मियों को पूर्व की भांति मिले दीपावली का बोनस, पढ़िए पूरी खबर
अधीनस्थ कृषि सेवा संघ ने मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह से अराजपत्रित कर्मियों को पूर्व की भांति बोनस दिए जाने की मांग की है।
देहरादून, जेएनएन। अधीनस्थ कृषि सेवा संघ ने मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह से अराजपत्रित कर्मियों को पूर्व की भांति बोनस दिए जाने की मांग की है।
संघ के प्रांतीय महामंत्री वीके धस्माना ने मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि मूल पद के 4800 ग्रेड पे पुनरीक्षित वेतन मैट्रिक्स स्तर (8) के अराजपत्रित कर्मियों को इस साल दिवाली बोनस नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही ऐसे कनिष्ठ कर्मचारी जिनका ग्रेड पे 2000/2800 है जो प्रमोशन के बाद 5400 ग्रेड पे प्राप्त कर रहे हैं। उन्हें भी बोनस नहीं दिया जा रहा है। वहीं 4600 ग्रेड पे पर काम कर रहे वरिष्ठ कर्मियों को बोनस मिल रहा है जो कि बहुत बड़ी विसंगति है।
यह अराजपत्रित कर्मियों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि 2017-18 के बोनस शासनादेश में साफ किया गया है कि ऐसे अराजपत्रित कर्मचारी को भी बोनस दिया जाएगा जिन्हें वित्तीय स्तरोन्नयन के बाद 4800 से ज्यादा का ग्रेड पे मिला है लेकिन उसकी स्टेटस में कोई अंतर नहीं हुआ हो। धस्माना ने कहा कि इस तथ्य को हाल ही में जारी बोनस शासनादेश में जिक्र नहीं किया गया इसकी वजह से सैकड़ों कर्मियों का नुकसान हुआ। उन्होंने मुख्य सचिव से इन कर्मियों को भी बोनस दिलाने का शासनादेश जारी करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, दीपावली पर बोनस-डीए के साथ मिला ये तोहफा; जानिए
दीपावली से पूर्व रोडवेज के बकाया 69 करोड़ देने के आदेश, रोडवेज में हड़ताल टली
रोडवेज में लंबित वेतन को लेकर हाईकोर्ट ने तल्ख रुख अख्तियार कर सरकार को दीपावली से पूर्व रोडवेज के बकाया 69 करोड़ रुपये का भुगतान करने के आदेश दिए हैं। हाईकोर्ट ने मंगलवार को रोडवेज कर्मचारी यूनियन की याचिका पर सुनवाई करते हुए सचिव वित्त एवं सचिव परिवहन को इसका शासनादेश जारी करने को कहा। इस राशि से रोडवेज कर्मियों को सितंबर और अक्टूबर का वेतन एवं लंबित भुगतान किया जाएगा। साथ ही बचत एवं सहकारी वेतन ऋण समितियों का लंबित भुगतान भी करने को भी कहा गया। हाईकोर्ट के इस फैसले से रोडवेजकर्मियों में खुशी की लहर है। हाईकोर्ट के आदेश जारी होने के बाद देहरादून में रोडवेज मुख्यालय में रोडवेज अधिकारियों व कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों की वार्ता हुई। हाईकोर्ट के फैसले के आलोक में यूनियन ने मंगलवार आधी रात से प्रस्तावित हड़ताल स्थगित कर दी। समझौता वार्ता में दीपावली बोनस पर कोई फैसला नहीं हुआ। बोनस पर बुधवार को दोबारा बैठक होगी।
यह भी पढ़ें: दीपावली से पूर्व रोडवेज के बकाया 69 करोड़ देने के आदेश, रोडवेज में हड़ताल टली