उत्तराखंड नीट यूजी काउंसलिंग: 5 अक्टूबर के बाद के प्रमाणपत्रों पर नहीं मिलेगा आरक्षण का लाभ
उत्तराखंड में नीट यूजी काउंसलिंग के तीसरे चरण में 5 अक्टूबर के बाद जारी स्थाई निवास और आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र ...और पढ़ें

फाइल फोटो
HighLights
5 अक्टूबर के बाद के प्रमाणपत्र मान्य नहीं होंगे।
तीसरे चरण का सीट आवंटन, त्रुटि पर दें सूचना।
सरकारी, निजी कॉलेजों के कटऑफ अंक जारी।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में नीट यूजी काउंसलिंग में पांच अक्टूबर के बाद जारी स्थाई निवास, आरक्षित श्रेणी और उप श्रेणी संबंधी प्रमाणपत्र मान्य नहीं होंगे। एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने तीसरे चरण के सीट आवंटन के साथ ही प्रमाणपत्रों की निर्धारित तिथि को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी है।
अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया के दौरान यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके प्रमाणपत्र तय समयसीमा के भीतर जारी हुए हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल के अनुसार सोमवार को कुलपति की अध्यक्षता में आयोजित काउंसलिंग बोर्ड की बैठक में तीसरे चरण के सीट आवंटन पर मुहर लगी। जिसकी सूचना वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
सीटों का आवंटन अभ्यर्थियों की मेरिट और काउंसलिंग के दौरान भरे गए विकल्पों के आधार पर किया गया है। अभ्यर्थी 13 अक्टूबर को दोपहर एक बजे के बाद अपना अलाटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि स्थाई निवास, श्रेणी और उप श्रेणी प्रमाणपत्र जारी होने की अंतिम तिथि पांच अक्टूबर निर्धारित थी। इसके बाद जारी किए गए प्रमाणपत्र प्रवेश प्रक्रिया में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
किसी तरह की त्रुटि पर विवि को दें सूचना
सीट आवंटन में किसी तरह की त्रुटि होने पर अभ्यर्थी 13 अक्टूबर को सुबह 11 बजे तक काउंसलिंग बोर्ड को ई-मेल ukneetcounselling@gmail.com पर सूचना दे सकते हैं। विवि ने स्पष्ट किया है कि परिणाम अस्थायी है और इसमें बदलाव संभव है। प्रोविजनल सीट आवंटन से किसी अभ्यर्थी को सीट पर प्रवेश का अंतिम अधिकार नहीं मिलेगा।
दस्तावेज फर्जी मिले तो सीट आवंटन होगा रद
दस्तावेज सत्यापन के किसी भी चरण में प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया तो अभ्यर्थी का सीट आवंटन रद कर दिया जाएगा। इसके साथ नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी। अभ्यर्थी काउंसलिंग से जुड़ी आगे की सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट देख सकते हैं।
सरकारी मेडिकल कालेज में 534 अंक पर मिली सीट
अनारक्षित महिला श्रेणी का कटआफ 535 अंक
निजी मेडिकल कालेजों में 217 अंक पर सीट आवंटन
तीसरे चरण की काउंसलिंग में सामान्य वर्ग का 534 रहा कटऑफ
नीट यूजी की राज्य काउंसलिंग के तीसरे चरण में सरकारी मेडिकल कालेजों की सीटों के लिए सामान्य वर्ग का कटआफ 534 अंक रहा। सामान्य महिला श्रेणी में इससे एक अंक अधिक यानी 535 अंक पर सीट आवंटित हुई।
अन्य श्रेणियों में ओबीसी (नान क्रीमी लेयर) का कटआफ 526, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) का 509, अनुसूचित जाति का 428 और अनुसूचित जनजाति का 415 अंक रहा है। निजी मेडिकल कालेजों में राज्य कोटे की सीटों के लिए सामान्य वर्ग का कटआफ 217 अंक रहा।
ओबीसी (नान क्रीमी लेयर) श्रेणी में 218, एससी में 214 और एसटी में 194 अंक पर सीट आवंटित हुई। निजी मेडिकल कालेजों के अखिल भारतीय कोटे में सामान्य श्रेणी का कटऑफ 234 अंक रहा। डेंटल कालेजों में राज्य कोटे की सामान्य श्रेणी का कटआफ 263 अंक रहा।
ओबीसी (नान क्रीमी लेयर) में 252 और एससी श्रेणी में 177 अंक पर सीट आवंटित हुई। वहीं, अखिल भारतीय कोटे में सामान्य श्रेणी का कटआफ 338 अंक रहा।
यह भी पढ़ें- देहरादून जिला योजना समिति चुनाव: इन 10 जिला पंचायत सदस्यों की निर्विरोध जीत तय, नगर निगम में 16 अक्टूबर को मतदान
यह भी पढ़ें- देहरादून के विकास नगर में धर्मावाला चौक पर बेकाबू ट्रक साइबर कैफे में घुसा, बड़ा हादसा टला
