उत्तराखंड की वादियों ने खींचा गोवा के निर्देशक का मन, बनाएंगे एक और गढ़वाली फिल्म
गोवा के फिल्म निर्देशक दिनेश पी. भोसले की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म 'ढोली' देशभर में रिलीज हो गई है।
-1795974103732_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड की वादियां, लोक संस्कृति और यहां के कलाकार अब गोवा निवासी फिल्म निर्देशक दिनेश पी. भोसले को अपनी ओर खींच रही हैं। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फिल्म ''''ढोली'''' की रिलीज के साथ ही उन्होंने उत्तराखंड में एक और गढ़वाली फिल्म बनाने का मन बनाया है। इसके लिए निवेशक की तलाश है।
भोसले का कहना है कि उत्तराखंड में प्रतिभाशाली कलाकारों और संगीतकारों की कमी नहीं है। यहां की संस्कृति में ऐसी कई कहानियां हैं, जिन्हें बड़े पर्दे पर लाया जाना चाहिए। दैनिक जागरण से बातचीत में निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने बताया कि फिल्म ''''ढोली'''' को अलग-अलग शहरों में दर्शकों का अच्छा प्यार मिल रहा है।
अब वह उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर एक और गढ़वाली फिल्म बनाना चाहते हैं। इसके लिए यदि कोई निवेशक मिलता है तो वह स्वयं निर्देशन की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के कई कलाकारों से उनका जुड़ाव है और प्रदेश से उनका विशेष लगाव बन गया है।
फिल्म में निर्माता सुनील नायक, लेखक डा. नंदकिशोर हटवाल, कलाकारों में मोहित घिल्ड़ियाल, रमेश नौडियाल, दीपा देउपा रावत, सोनिया नौटियाल गैरोला, सतीश धोलाखंड़ी आदि हैं।
पहाड़ का अपनापन बार-बार खींच लाता है
भोसले बताते हैं कि देहरादून से पहाड़ों की ओर जाते समय रास्ते में दिखने वाले बांज-बुरांश के जंगल, शुद्ध हवा और गांवों का परिवेश उन्हें अलग ही सुकून देता है। पहाड़ के लोगों का अपनापन भी उन्हें प्रभावित करता है। मैंने जिंदगी में ऐसा प्राकृतिक सौंदर्य कहीं नहीं देखा। उत्तराखंड के पहाड़, जंगल और यहां के लोगों का अपनापन मन को सुकून देता है। यहां अच्छे कलाकार और संगीतकार भी हैं।
पिता के संघर्ष से सम्मान की लड़ाई तक की कहानी
गढ़वाली फिल्म ''''ढोली'''' उत्तराखंड के वरिष्ठ साहित्यकार एवं संस्कृति कर्मी डा. नंदकिशोर हटवाल की चर्चित कहानी ''''जमनदास ढोली'''' पर आधारित है। फिल्म में एक युवा अपने पिता का संघर्ष देखकर ढोली को सामाजिक सम्मान दिलाने का संकल्प लेता है।
अपनी कला के दम पर वह देश-विदेश में पहचान बनाता है। फिल्म की शूटिंग वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की असी गंगा घाटी के नाल्ड गांव और आसपास के क्षेत्रों में हुई थी। वर्ष 2024 में कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इसका प्रदर्शन भी हुआ था।
राष्ट्रीय पुरस्कार से मिली नई पहचान
जुलाई 2026 में घोषित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ''''ढोली'''' को फीचर फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म का रजत कमल और दो लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। फिल्म के निर्देशक दिनेश पी. भोसले इससे पहले अपनी कोंकणी फिल्मों ''''अमोरी'''' और ''''एनिमी'''' के लिए भी राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर चुके हैं। ढोली फिल्म के निर्माण में डा. नंदकिशोर हटवाल, अतुल बिश्नोई सहित पूरी टीम का सहयोग रहा।
ढोली को टैक्स फ्री की मांग
हाल ही में फिल्म से जुड़ी टीम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। निर्देशक दिनेश पी भोसले ने बताया कि फिल्म ढोली को टैक्स फ्री की मांग पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया हालांकि अभी इस दिशा में कार्रवाई का इंतजार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।