नरक चतुर्दशी आज, क्या रहेगा शुभ मुहूर्त? सुख समृद्धि के लिए किस तरह करें पूजा?
आज कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी को नरक चतुर्दशी या छोटी दीपावली मनाई जाएगी, जिसमें यम और हनुमान जी की पूजा होगी।

HighLights
आज नरक चतुर्दशी पर यम और हनुमान जी की पूजा होगी
दीपदान का शुभ मुहूर्त शाम 5:25 से रात 8:02 बजे तक
भगवान विष्णु ने नरकासुर का वध किया था, हनुमान जन्मोत्सव भी
जागरण संवाददाता, देहरादून। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर शनिवार को नरक चतुर्दशी अथवा छोटी दीपावली मनाई जाएगी। मृत्यु के देवता यम की पूजा कर घर के कोनो में दीये जलाए जाएंगे। सुख समृद्धि के लिए हनुमान व मां लक्ष्मी की भी पूजा होगी।
चतुर्दशी तिथि सुबह 10:48 बजे से रविवार सुबह 11:28 बजे तक रहेगी। इस दिन घर के मुख्य द्वार पर यम दीपदान करने की परंपरा है। दीपदान का मुहूर्त शाम 5:25 से रात 8:02 बजे तक रहेगा।
मान्यता है कि आज के दिन भगवान विष्णु ने इस दिन राक्षस नरकासुर का वध किया था इसलिए छोटी दीपावली को नरक चतुदर्शी भी कहा जाता है। इस दिन दीपदान का बड़ा महत्व है। मान्यता है कि दीप जलाने से यमराज प्रसन्न होते हैं।
सुबह शरीर पर तिल का तेल लगाकर स्नान कर नरक से मुक्ति मिलती है। नरक चतुर्दशी के दिन ही हनुमान का जन्म अंजना देवी के उदर से हुआ था। हर तरह के सुख, आनंद और शांति की प्राप्ति के लिए हनुमान की उपासना करें।
विभिन्न मंदिरों में हनुमान चालीसा पाठ
हनुमान जन्मोत्सव पर भी विभिन्न मंदिरों में पूजा, हनुमान चालीसा पाठ होगा। सिंदुरिया हनुमान मंदिर धर्मपुर, श्री बालाजी धाम झाझरा, हनुमान मंदिर हनुमान चौक, सिंदूरिया मंदिर अंसारी मार्ग, श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सहारनपुर चौक, श्री सनातन धर्म मंदिर प्रेमनगर समेत शहर के विभिन्न मंदिरों में सामूहिक पूजा व आरती होगी। इसके अलावा बजरंग दल की ओर से भी विभिन्न केंद्रों में हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।