विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली-छठ पर बिहार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर रहेगी QRT; 4 घंटे में फेक न्यूज का खंडन

Published: Sat, 07 Nov 2026 08:04 AM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व के मद्देनजर राज्य में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और स्वच्छता की समीक्षा ...और पढ़ें

दीपावली-छठ पर बिहार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

दीपावली-छठ पर बिहार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. त्योहारों पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता की समीक्षा की गई।

  2. क्यूआरटी गठित कर चप्पे-चप्पे की निगरानी पर बल दिया।

  3. छठ घाटों पर सुरक्षा, सफाई और विद्युत सुरक्षा प्राथमिकता।

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व के मद्देनजर राज्य में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। 

उन्होंने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित कर चप्पे-चप्पे की निगरानी कराने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर बड़ी संख्या में बिहार के लोग दूसरे राज्यों एवं विदेशों से अपने घर लौटते हैं। यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें अपने गृह राज्य में आने पर खुशी, सुरक्षा और सकारात्मक बदलाव का अनुभव हो। सभी जिलों में प्रशासन एवं पुलिस पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करें।

सभी आवश्यक तैयारियों को ससमय पूर्ण करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को लेकर सभी को सतर्क एवं तत्पर रहना है। विधि व्यवस्था के साथ-साथ सभी आवश्यक तैयारियों ससमय पूर्ण करें। छठ महापर्व बिहार का गौरव और हमारी सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख पर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने धनतेरस, दीपावली एवं छठ पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाए। सभी क्यूआरटी को अलर्ट रखा जाए। रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों के आसपास विशेष रूप से चौबीसों घंटे गश्त की व्यवस्था हो। पुलिस की पेट्रोलिंग प्रभावी हो तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 

छठ घाटों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करें

मुख्यमंत्री ने रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, सार्वजनिक स्थलों एवं छठ घाटों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी स्वयं इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें। छठ घाटों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वयंसेवकों को भी व्यवस्थाओं में शामिल किया जाए। 

गांवों के छठ घाटों पर स्थानीय तैराकों को भी उपलब्ध रखें। विद्युत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहीं भी नंगे तार का उपयोग नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि दलित/महादलित टोलों में जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी जाएं, उनके बीच जाकर उनके साथ पर्व मनाएं। पर्व-त्योहारों को आपसी प्रेम, सद्भाव और उत्साह के साथ मनाने के लिए लोगों को प्रेरित करें। 

बिजली सब्सिडी का लाभ स्वेच्छा से छोड़ने की अपील

जिलाधिकारी जनप्रतिनिधियों से नियमित रूप से मिलकर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सक्षम एवं संपन्न लोगों से 125 यूनिट बिजली सब्सिडी का लाभ स्वेच्छा से छोड़ने की अपील को लेकर प्रचार-प्रसार कराएं।

मुख्यमंत्री ने भ्रामक एवं फर्जी खबरों पर त्वरित कार्रवाई के लिए प्रत्येक स्तर पर क्यूआरटी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी खबर के सही होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए जवाब दिया जाए और गलत खबर होने पर उसका शीघ्र खंडन किया जाए। 

इसके लिए अधिकतम चार घंटे के भीतर प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि भ्रामक सूचनाओं से नकारात्मक माहौल न बने और जनता तक सही जानकारी पहुंचे। साथ ही जिन समस्याओं को उठाया जाता है उसको लेकर की जा रही कार्रवाई तथा समस्याओं के समाधान को लेकर जानकारी साझा करें। 

25 नवंबर के बाद विभिन्न जिलों का भ्रमण

मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 नवंबर के बाद वे विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे। 16 नवंबर के बाद विकास कार्यों पर विशेष ध्यान देते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों को पूरी गंभीरता, जवाबदेही एवं समयबद्धता के साथ पूरा करें, ताकि बिहार में सुशासन, सुरक्षा और विकास की गति निरंतर तेज हो।

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा ने विधि व्यवस्था की तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। विधि व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए 16,000 प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों, 1,500 पीटीसी, होमगार्ड एवं रैपिड एक्शन फोर्स की अतिरिक्त तैनाती की गई है। बैठक में शासन के शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- बिहार विधान परिषद में 125 नवचयनित कर्मियों की नौकरी पर संकट, नियुक्ति प्रक्रिया पर उठे सवाल; सचिवालय में प्रवेश पर रोक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।