Move to Jagran APP

सामने आई आरोपित महिला, भाजपा विधायक पर दुष्कर्म करने का लगाया आरोप

भाजपा विधायक महेश नेगी की पत्‍नी की शिकायत पर ब्लैकमेलिंग का आरोप झेल रही महिला सामने आई। उसने विधायक पर चार सालों के दौरान कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।

By Sunil NegiEdited By: Published: Mon, 17 Aug 2020 09:54 AM (IST)Updated: Mon, 17 Aug 2020 05:34 PM (IST)
सामने आई आरोपित महिला, भाजपा विधायक पर दुष्कर्म करने का लगाया आरोप
सामने आई आरोपित महिला, भाजपा विधायक पर दुष्कर्म करने का लगाया आरोप

देहरादून, जेएनएन। भाजपा विधायक महेश नेगी की पत्‍नी की शिकायत पर ब्लैकमेलिंग का आरोप झेल रही महिला रविवार को सामने आई। उसने विधायक पर चार सालों के दौरान कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। साथ ही अदालत के माध्यम से अपनी बेटी का डीएनए टेस्ट कराने की मांग दोहराई। जिला पुलिस प्रमुख का दायित्व संभाले डीआइजी अरुण मोहन जोशी ने महिला की शिकायत मिलने की पुष्टि की, बताया कि इसकी जांच कराई जा रही है।

loksabha election banner

अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट सीट से विधायक महेश नेगी की पत्‍नी रीता नेगी ने इसी शुक्रवार को पड़ोस में रहने वाली एक महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में उसका पति और मां भी नामजद हैं। महिला पर पांच करोड़ रुपये न देने पर विधायक को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने और बेटे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस सिलसिले में नेहरू कॉलोनी थाने की पुलिस ने आरोपित महिला से पूछताछ भी की थी। उसी दिन आरोपित महिला का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह विधायक पर गंभीर आरोप लगा रही है। रविवार को महिला ने जिला पुलिस प्रमुख को अपना शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें विधायक पर सनसनीखेज आरोप हैं।

पांच पन्नों के इस पत्र में महिला ने विधायक के संपर्क में आने से लेकर दुष्कर्म तक के आरोपों का सिलसिलेवार तारीखों के साथ उल्लेख किया है। शिकायत में महिला ने बताया कि वह और उसके स्वजन विधायक के परिवार से अक्सर मिलते रहते थे। जून 2016 में मां की तबीयत खराब होने पर डाक्टर ने उन्हें स्टीम दिलाने का सलाह दी। विधायक को यह बात पता चली तो उन्होंने उससे कहा कि उनके घर पर स्टीम देने वाली मशीन है, लिहाजा वह वहीं आकर मां को उपचार दिला दिया करे। इस पर वह मां को स्टीम दिलाने के लिए विधायक के घर जाने लगी। इसी दौरान एक दिन विधायक ने सेल्फी लेने के बहाने से उससे अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी। विधायक पर आरोप है कि इसके बाद वह उसका शारीरिक शोषण करने लगे। तब से विधायक ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि दिसंबर 2018 में शादी से दो रोज पहले भी विधायक उसे मसूरी लेकर आया, यहां एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। इससे पहले वह उसे घुमाने के बहाने नैनीताल, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और नेपाल ले गया। वहां भी उसके साथ विधायक ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर हर बार यही कहा कि तुम चिंता मत करो, आगे जो भी होगा मैं खुद देख लूंगा।

शादी के बाद भी दवाब बनाने का आरोप

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने एक सनसनीखेज आरोप यह भी लगाया कि दिसंबर 2018 में उसकी शादी हो गई। इसके बावजूद विधायक उस पर मायके आने का दबाव डालता रहा। पिछले साल अप्रैल में वह मायके लौटी तो विधायक ने उस पर ससुराल न लौटने का दबाव बनाया। कहा कि, वह पति से उसका तलाक करवा देगा। महिला का आरोप है कि इसके बाद विधायक ने उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज करवाने के लिए मजबूर किया। इस बीच, विधायक के साथ रिश्ता होने का पता चलने पर पति ने उससे नाता तोड़ लिया।

अस्पताल में साथ रहा विधायक

महिला का आरोप है कि गर्भवती होने के दौरान पिछले साल देहरादून स्थित दो अस्पतालों में उसका परीक्षण किया गया। तब विधायक भी उसके साथ था। इसी साल मई में उसने एक बच्ची को जन्म दिया। जुलाई में उसने बच्ची और अपने पति का डीएनए टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट चार अगस्त को मिली। बच्ची का डीएनए पति से मेल नहीं खाया। इसके बाद वह देहरादून अपने भाई के घर आ गई। उसने जब बेटी होने की बात विधायक को बताई तो वह उससे किए वायदों से मुकर गया।

विधायक की पत्नी ने दिया 25 लाख का ऑफर

महिला का आरोप है कि विधायक की पत्‍नी ने मुंह बंद रखने के लिए उसे 25 लाख का ऑफर दिया, लेकिन उसने इन्कार कर दिया। विधायक ने भी फोन करके पत्‍नी की बात मान लेने की बात कही, लेकिन उसने साफ कहा कि वह तो सिर्फ बेटी को हक दिलाना चाहती है। आरोप है कि विधायक की पत्‍नी ने बचाव में उसके खिलाफ ब्लैकमेलिंग का झूठा मुकदमा दर्ज करवाया है।

जान को खतरे की आशंका जताई

शिकायती पत्र में महिला ने खुद व स्वजनों की जान को खतरा होने की आशंका जताई है। बताया कि, डर के कारण वह घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।

आउट ऑफ रीच मिले विधायक के फोन

इस संबंध में तमाम प्रयास के बाद भी भाजपा विधायक महेश नेगी से संपर्क नहीं हो पाया। उनके मोबाइल नंबर ‘आउट ऑफ रीच’ मिले।

बंशीधर भगत (प्रदेश अध्यक्ष भाजपा) का कहना है कि इस मामले में विधायक की पत्नी ने एफआइआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, इसमें जो भी निकलकर आएगा, तभी कुछ कहा जा सकता है।

यह भी पढ़ें: रुड़की विधायक के वीडियो वायरल मामले में कांग्रेस नेता ने पुलिस को दी तहरीर

विधायक की पत्नी ने बच्चे को खतरे की आशंका जताई

भाजपा विधायक महेश नेगी की पत्‍नी रीता नेगी ने रविवार को पुलिस को एक और शिकायती पत्र सौंपा। पत्र में कहा गया है कि आरोपित महिला विधायक और उनके परिवार को झूठे मामले में फंसाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। दुष्कर्म की झूठी शिकायत वह कर चुकी है। विधायक की पत्‍नी ने महिला के बच्चे की जान को खतरा होने की आशंका जताई। साथ ही उसकी सुरक्षा की जरूरत बताई। डीआइजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि विधायक की पत्‍नी का शिकायती पत्र मिला है। इस मामले में भी जांच के आदेश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में महिला पर विधायक को ब्लैकमेल करने का मुकदमा दर्ज, जानिए क्या है पूरा मामला


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.