नाबालिग ने किया था किशोरी से दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपित को पकड़ा
बालिका निकेतन से 24 जुलाई को भागी किशोरी के साथ दुष्कर्म एक नाबालिग ने किया था। सोमवार को पुलिस ने आरोपित को उसके घर से पकड़ लिया।
देहरादून, जेएनएन। बालिका निकेतन से 24 जुलाई को भागी किशोरी के साथ दुष्कर्म एक नाबालिग ने किया था। सोमवार को पुलिस ने आरोपित को उसके घर से पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि अपने बयान में आरोपित ने दुष्कर्म की बात स्वीकार की है। किशोर को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
नेहरू कॉलोनी थाने के एसओ दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने किशोरी से दोबारा पूछताछ की तो पता चला कि आरोपित ने अपना नाम बताने के साथ ही पीड़िता को उस मोहल्ले के बारे में भी बताया था, जहां वह रहता है। साथ ही उसने किशोरी को अपना मोबाइल नंबर भी दिया था। मोबाइल नंबर में लगाए गए आइडी प्रूफ से पुलिस ने आरोपित के घर का पता लगाया और सोमवार को उसे हिरासत में ले लिया। एसओ ने बताया कि किशोरी के मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। आज कोर्ट में किशोरी के बयान भी दर्ज करवाए जाएंगे।
यह है मामला
किशोरी 24 जुलाई को बालिका निकेतन से भाग गई थी। उसी रात हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर आरोपित ने किशोरी को दिल्ली भेजने का झांसा देकर दुष्कर्म किया। वारदात के बाद वह फरार हो गया। किशोरी किसी तरह दून रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां वह दिल्ली जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थी, इसी दौरान पुलिस की नजर उस पर पड़ गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे बालिका निकेतन पहुंचा दिया।
बाल आयोग की अध्यक्ष जाएंगी बालिका निकेतन
बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष उषा नेगी आज केदारपुरम बालिका निकेतन में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान आयोग की ओर से यहां रह रही किशोरियों की काउंसिलिंग भी की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बालिका निकेतन से भागी किशोरी के साथ किया दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज
किशोरी को पैसे भी दिए
आरोपित ने किशोरी को दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठाने का लालच देने के साथ दो सौ रुपये भी दिए थे। 25 जुलाई को किशोरी ने एक महिला से मोबाइल मांगकर आरोपित को फोन भी किया था।
यह भी पढ़ें: छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म में सभी छह आरोपित गए जेल, सिफारिश के लिए घनघनाते रहे फोन