Dehradun में मानसिक रूप से कमजोर किशोरी संग दुष्कर्म, पुलिस पूछताछ में सामने आया दर्दनाक सच
देहरादून में एक मानसिक रूप से कमजोर किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है। बेटी ने बताया कि दो महीने में दो-तीन बार व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
जागरण संवाददाता, देहरादून। नेहरू कालोनी क्षेत्र में एक मानसिक रूप से कमजोर किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में एक महिला ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण पति सुबह ही मजदूरी करने के लिए चले जाते हैं, जबकि वह सुबह ही घरों में काम करने के लिए निकल जाती हैं और शाम को घर आती हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि गत 20 मई को दोपहर एक बजे फोन आया कि उनके घर से कोई व्यक्ति निकला है। घर पहुंचने पर बेटी रो रही थी। पूछने पर उसने बताया कि उसके साथ किसी ने दुष्कर्म किया। बेटी से जब और पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दो महीने में दो-तीन बार व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।
शादी का झांसा देकर विधवा महिला से दुष्कर्म
देहरादून : शादी का झांसा देकर एक आरोपित ने विधवा महिला से दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित फरार हो गया। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में महिला ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उनकी मुलाकात शकील अमरोही निवासी कुरैशी मोहल्ला, ज्योतिबा फुलेनगर, जिला अमरोहा उत्तर प्रदेश से हुई। शकील ने खुद को मुंबई का प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और निर्देशक बताया।
फिल्म शूटिंग के लिए लोकेशन दिखाने के बहाने महिला से संपर्क बढ़ाया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और शकील ने शादी का प्रस्ताव रखा।
आरोप है कि शकील ने उनके घर आकर दुष्कर्म किया और पति की तरह साथ में रहा। डेढ़ वर्ष साथ रहने के दौरान शादी की बात पर टालता रहा। गत 15 अप्रैल को आरोपित शकील ने पीड़िता को धमकी दी कि उनके रिश्ते के बारे में किसी को बताया तो वह उनकी जान ले लेगा और इसके बाद वह फरार हो गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब शकील के भाई इकरार, इकबाल और वसीम से संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने धमकी दी। पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपित शकील के विरुद्ध दुष्कर्म और उसके भाई इकरार, इकबाल व वसीम के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
युवती की सगाई तुड़वाकर किया दुष्कर्म, शादी से मुकरा
देहरादून : एक आरोपित ने युवती को शादी का झांसा देकर उसकी सगाई तुड़वा दी। आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी करने से मुकर गया। इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने कहा कि संदीप निवासी लक्खीबाग से करीब पांच वर्ष पहले उसकी दोस्ती हुई। इसका पता उसके स्वजनों को लगा तो उन्होंने संदीप से बातचीत करने से मना दिया और उसकी सगाई लखनऊ के युवक से तय कर दी।
पीड़िता ने बताया कि अप्रैल में आरोपित ने उसे विक्रम से उतारा और झांसा दिया कि वह उससे शादी करना चाहता है। डराया कि अगर शादी नहीं हुई तो वह हाथ की नस काटकर जान दे देगा। आरोपित ने भावनात्मक ब्लैकमेलिंग के जरिये उसे फंसा दिया। इसके बाद उसने लखनऊ के युवक से शादी करने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि बीती 12 मई को रेलवे स्टेशन के पास एक कमरे में लेकर गया। वहां सात घंटे तक साथ रहकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। 16 मई को अचानक मैसेज किए कि उसके माता-पिता शादी के लिए तैयार नहीं हैं। इसलिए वह शादी नहीं करेगा। तब पीड़िता ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि शिकायत पर आरोपित संदीप के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।