देहरादून वैली ऑफ वर्ड्स साहित्योत्सव में मालिनी अवस्थी ने लोकगीतों के महत्व पर जोर दिया, सांस्कृतिक विरासत समझने की अपील
लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने 'वैली ऑफ वर्ड्स' उत्सव में कहा कि लोकगीतों को केवल मनोरंजन समझना सांस्कृतिक विरासत के साथ अन्याय है।
-1795784760521_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। लोकगीतों को केवल नाचने-गाने और मनोरंजन का माध्यम समझना हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ अन्याय है। दुर्भाग्य यह है कि समाज में ऐसी परंपराओं को बिना समझे खारिज करने का चलन बढ़ा है। जिस परंपरा को हम जानते नहीं, उसे नकारने लगते हैं।
जबकि लोकगीतों में समाज, रिश्तों, स्त्रियों के संघर्ष और कई पीढ़ियों की स्मृतियां छिपी हैं। लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने वैली ऑफ वर्ड्स साहित्यिक उत्सव में अपनी किताब ‘चंदन किवाड़’ पर चर्चा के दौरान यह बात कही।
उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवारों के टूटने और जीवनशैली बदलने से लोगों का अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़ाव कम हुआ है। लोकगीतों को यह कहकर खारिज कर दिया जाता है कि लोग थक जाते थे तो कुछ भी गाने लगते थे। जबकि इनके पीछे गहरी सामाजिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि होती है।
मालिनी ने कहा कि शास्त्रीय संगीत की जड़ें भी लोक में हैं। ठुमरी, दादरा, कजरी और चैती जैसी विधाएं लोक परंपराओं का विस्तार हैं। उनकी गुरु अप्पा जी ने लोक और शास्त्रीय संगीत का यही समन्वय उन्हें समझाया।
‘चंदन किवाड़’ के 27 अध्यायों में उन्होंने लोकगीतों के बहाने स्त्रियों की अनकही कहानियां दर्ज की हैं। इनमें शादी के बाद संगीत छोड़ने को मजबूर हुई महिलाओं से लेकर मायके से बिछुड़ने की पीड़ा तक शामिल है।
अपनी नानी के मंडला स्थित मायके की स्मृतियों और ‘रेलिया बैरन पिया को लिए जाए रे’ गीत से जुड़े एक प्रवासी की कहानी ने भी उन्हें लिखने की प्रेरणा दी।
उन्होंने सितारा देवी, पंडित किशन महाराज और उस्ताद बिस्मिल्लाह खां जैसे कलाकारों के जीवन पर अच्छी किताबों की कमी पर भी चिंता जताई। कहा कि कलाकारों की कला के साथ उनके जीवन के अनछुए पहलुओं को भी दर्ज किया जाना चाहिए।