'वैली ऑफ फ्लावर्स' बदलेगी लद्दाख की तस्वीर, जून में रंगों से सराबोर होंगे लेह में चोगलामसर और वारी ला के सूने पहाड़
लद्दाख अब 'फूलों की घाटी' विकसित कर इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रहा है। लेह के चोगलामसर और वारी ला में जून अंत तक रंग-बिरंगे फूल खिलेंगे, जिससे पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

लेह की बंजर वादियों में जून तक गुलजार होंगे रंग-बिरंगे फूल।
HighLights
लद्दाख में 'फूलों की घाटी' परियोजना शुरू।
चोगलामसर और वारी ला में लगेंगे फूल।
जून अंत तक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा।
डिजिटल डेस्क, जम्मू। लद्दाख की पहचान अब तक सूखे भूरे पहाड़, जमी हुई नदियां, घुमावदार सड़कें, प्राचीन मठ और नीले आसमान के नीचे फैले ठंडे रेगिस्तान से रही है। फूलों का जिक्र इस तस्वीर में शायद ही कभी आता हो। लेकिन अब ये बदलने वाला है।
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख अब ऊंचाई पर स्थित फूलों की घाटियां विकसित करने की महत्वाकांक्षी इको-टूरिज्म योजना पर काम कर रहा है उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने गत दिनों बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में दो जगहों को 'वैली ऑफ फ्लावर्स' के रूप में विकसित करने की योजना पाइपलाइन में है। इस पहल का मकसद पर्यटन को बढ़ावा देना और लद्दाख की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगाना है।
लेह के चोगलामसर और वारी ला बनेंगे 'फूलों की घाटी'
उपराज्यपाल सक्सेना ने बताया कि लेह के चोगलामसर और वारी ला को 'वैली ऑफ फ्लावर्स' के रूप में विकसित किया जाएगा। इन इलाकों में ऐसी फूलों की किस्में लगाई जाएंगी जो लद्दाख की कड़ाके की ठंड और कम ऑक्सीजन वाले मुश्किल हालातों में भी खिल सकें। इसके लिए ऊंचाई वाले इलाकों के लिए उपयुक्त मजबूत प्रजातियों की पहचान करने के लिए विशेषज्ञों से सलाह ली गई है।
इस परियोजना का मकसद ऐसे फूलों की प्रजातियां लगाना है जो लद्दाख की सर्द, कम ऑक्सीजन वाली और पथरीली जलवायु में भी टिक सकें। इसके लिए विशेषज्ञों से सलाह ली गई है ताकि ऊंचाई वाले इलाकों के लिए मजबूत किस्मों की पहचान की जा सके। प्रशासन इस प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा करने में जुटा है। चुनिंदा जगहों पर पौधारोपण का काम पहले ही शुरू हो चुका है।
जून अंत तक बदलेगी तस्वीर, खिलेंगे रंग-बिरंगे फूल
उपराज्यपाल सक्सेना ने कहा कि प्रशासन इस प्रोजेक्ट को तेज गति से पूरा करने में जुटा है। चुनिंदा जगहों पर पौधारोपण का काम पहले ही शुरू हो चुका है। "जून के अंत तक, या उसके आसपास, ये दोनों इलाके रंग-बिरंगे फूलों से गुलजार हो जाएंगे और लेह-लद्दाख आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बनेंगे।"
रोजगार और ईको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
इस कदम से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। साथ ही ईको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और ठंडे रेगिस्तान की खूबसूरती और भी निखरेगी। उपराज्यपाल सक्सेना ने बताया, "फिलहाल लद्दाख में हरित क्षेत्र सिर्फ 0.4 फीसदी है, जिसे बढ़ाकर 5 फीसदी करने का हमारा लक्ष्य है।" बंजर पहाड़ों के बीच खिलती फूलों की घाटियों का विचार ही सैलानियों के बीच उत्सुकता जगा रहा है। लद्दाख जल्द ही अपनी 'बेरंग खूबसूरती' के साथ-साथ रंगों की चादर ओढ़े नजर आएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।