विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तराखंड भाजपा में फिर महेंद्र भट्ट का दबदबा, दोबारा अध्यक्ष बनना लगभग तय; कल होगा औपचारिक एलान

Published: Mon, 30 Jun 2025 08:27 PM (GMT+05:30)

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर महेंद्र भट्ट का दोबारा निर्वाचन तय हो गया है। मुख्यमंत्री धामी और अन्य वरिष्ठ ...और पढ़ें

चुनाव अधिकारी खजानदास को नामांकन पत्र सौंपते मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट। जागरण
चुनाव अधिकारी खजानदास को नामांकन पत्र सौंपते मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट। जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री धामी समेत सांसदों की उपस्थिति में मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कराया एकमात्र नामांकन
  2. जांच में भट्ट समेत राज्य से राष्ट्रीय परिषद के लिए आठ सदस्य पदों पर हुए नामांकन सही पाए गए
  3. मंगलवार को प्रांतीय परिषद की बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक हर्ष मल्होत्रा करेंगे निर्वाचन की घोषणा

राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर जैसे संकेत मिल रहे थे, ठीक हुआ भी वैसा ही। मौजूदा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को ही फिर से प्रदेश संगठन की कमान मिलना तय हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सोमवार को एकमात्र प्रत्याशी भट्ट ने ही नामांकन कराया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत सभी सांसदों व वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में उन्होंने पांच सेट में नामांकन दाखिल किया। भट्ट के अलावा राज्य से पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के लिए आठ सदस्य पदों पर भी एक-एक नामांकन हुए। जांच में सभी नामांकन पत्र सही पाए गए।

अब मंगलवार को होने वाली पार्टी की प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक हर्ष मल्होत्रा अध्यक्ष पद पर भट्ट के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा करेंगे। राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब प्रदेश भाजपा का कोई अध्यक्ष लगातार दूसरी बार रिपीट हो रहा है। राजनीतिक हलकों में पार्टी हाईकमान के इस निर्णय को मुख्यमंत्री धामी के हाथ मजबूत करने से जोड़कर देखा जा रहा है।

भाजपा के सांगठनिक पर्व के तहत प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के लिए आठ सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया सोमवार को नामांकन दाखिल करने के साथ हुई। इसके चलते प्रदेश भाजपा मुख्यालय में सुबह से ही गहमागहमी का आलम था। नामांकन के लिए सुबह 10 से 12 बजे तक का समय निर्धारित था। प्रदेश अध्यक्ष पद पर मौजूदा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने नामांकन के सेट दाखिल किए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री व अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद व पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने सभी नामांकन सेटों पर मुख्य प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए।

इससे ही यह साफ हो गया था कि अध्यक्ष पद के लिए दूसरा कोई नामांकन नहीं होगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत व तीरथ सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट व माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सदस्य डा कल्पना सैनी ने नामांकन कराया। इनका भी निर्वाचन तय है।

दोपहर 12 से दो बजे तक नामांकन पत्रों की जांच हुई। प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास के अनुसार जांच में सभी नामांकन वैध पाए गए। तीन से चार बजे तक नाम वापसी का समय था, लेकिन किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया।