मधु चौहान को दूसरी बार देहरादून के जिला पंचायत की कमान Dehradun News
मधु चौहान को दूसरी बार देहरादून के जिला पंचायत की कमान मिली है। इससे पहले वह वर्ष 2008 से 2013 के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं।
देहरादून, जेएनएन। भाजपा प्रत्याशी मधु चौहान ने जिला पंचायत देहरादून के अध्यक्ष पद की कुर्सी दूसरी बार अपने नाम कर ली है। इससे पहले वह वर्ष 2008 से 2013 के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। मधु चौहान की राह आसान करने में न सिर्फ उनके पति व विकासनगर क्षेत्र के विधायक मुन्ना सिंह चौहान, बल्कि दून के तमाम भाजपा विधायकों ने भी अहम भूमिका निभाई। क्योंकि फूलप्रूफ होमवर्क के चलते जिला पंचायत सदस्यों की जितनी सीटें भाजपा की झोली में गई थीं, उसमें से एक भी आंकड़ा कम नहीं हो पाया।
जब कलेक्ट्रेट परिसर में अध्यक्ष पद के लिए जिला पंचायत सदस्यों का मतदान शुरू हुआ तो मुन्ना सिंह चौहान के साथ मसूरी विधायक गणेश जोशी व सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने मोर्चो जमा लिया था। इसके बाद अन्य विधायकों का भी कलेक्ट्रेट पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा विधायकों ने पहले से पूरा होमवर्क कर लिया था। शाम के समय जब तैयारी और उम्मीद के अनुरूप परिणाम आए तो भाजपा खेमा खुशी से झूम उठा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मधु चौहान को विजय माला पहनाने के बाद विधायकों व तमाम कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत कार्यालय तक विजयी जुलूस निकाला। अपनी जीत पर मधु चौहान ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इसका असर न सिर्फ अन्य जिलों के परिणाम पर नजर आया, बल्कि दून में भी सदस्यों ने इसका स्पष्ट असर दिखा। इसके अलावा उन्हें पूर्व में भी जिला पंचायत अध्यक्ष का अनुभव रहा है, लिहाजा सदस्यों में किसी भी तरह का असमंजस नहीं था। इस अवसर पर धर्मपुर क्षेत्र के विधायक विनोद चमोली, बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष नरेश बंसल आदि उपस्थित रहे।
छह ब्लॉक में से पांच में मधु का पलड़ा रहा भारी छह
विकासखंडों (ब्लॉक) में बंटी जिला पंचायत सीटों में से पांच ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशी मधु चौहान का पलड़ा भारी रहा। सिर्फ चकराता सीट पर मुकाबला बराबरी पर छूटा। इसे मधु चौहान की एकतरफा जीत भी कहा जा सकता है। क्योंकि कुल 30 जिला पंचायत सदस्यों में से 23 के वोट मधु चौहान के पक्ष में गए। कालसी ब्लॉक को विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान का गढ़ माना जाता है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा का दबदबा
इसी के अनुरूप यहां के पांच में पांच सदस्यों के मत मधु चौहान को मिले। हालांकि, जिस चकराता विधानसभा से कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह विधायक हैं, उनके ब्लॉक में छह जिला पंचायत सदस्यों की सीटें हैं। एक तरह से इस क्षेत्र को प्रीतम सिंह का गढ़ माना जाता है और यहां मधु को सिर्फ तीन वोट ही मिल पाए और तीन मत कांग्रेस प्रत्याशी अंजिता चौहान की झोली में गए।
यह भी पढ़ें: पंचायत चुनावः कालसी में मठौर और चकराता में निधि बनीं पंचायत प्रमुख Dehradun News
इस तरह मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक में पांच में से चार वोट मधु को मिले। विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के सहसपुर क्षेत्र के ब्लॉक में भी पांच में से चार वोट भाजपा के पक्ष में गए। यही प्रदर्शन मुन्ना सिंह चौहान के क्षेत्र के विकासनगर ब्लॉक का भी रहा। यहां के सात में से छह वोट मधु को मिले। भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ के क्षेत्र रायपुर ब्लॉक में महज दो ही सीट शेष रह गई हैं। यहां से एक वोट भाजपा के पक्ष में गया, जबकि एक वोट कांग्रेस प्रत्याशी को मिला।
यह भी पढ़ें: पंचायत प्रमुख चुनाव में हार पर भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा, कार्यालय में की तोड़फोड़