विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आधुनिक युद्धों में जीत के लिए राष्ट्रीय तैयारी और तकनीकी क्षमता महत्वपूर्णः लेफ्टिनेंट जनरल जयवीर सिंह नेगी

By Sukant MamgainEdited By: Rahul Chauhan
Published: Sun, 29 Nov 2026 03:48 PM (IST)

आधुनिक युद्धों में सैन्य शक्ति के साथ तकनीकी क्षमता, रसद और पूरे राष्ट्र की भागीदारी आवश्यक है। 

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। आधुनिक युद्ध में जीत केवल सैन्य ताकत से तय नहीं होगी, बल्कि इसके लिए तकनीकी क्षमता, संसाधन, मजबूत रसद व्यवस्था और पूरे राष्ट्र की भागीदारी जरूरी होगी। भविष्य के युद्ध लंबे खिंच सकते हैं। ऐसे में देश को सैन्य मोर्चे के साथ औद्योगिक, आर्थिक, संचार और तकनीकी स्तर पर भी तैयार रहना होगा।

लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) जयवीर सिंह नेगी ने वैली ऑफ वर्ड्स साहित्यिक महोत्सव में 'भीष्म: द होल ऑफ नेशन अप्रोच टू वारफेयर' विषय पर आयोजित सत्र में यह बात कही। सत्र की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल पीजेएस पन्नू ने की, जबकि संचालन लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह ने किया।

लेफ्टिनेंट जनरल नेगी ने कहा कि युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। अब पारंपरिक युद्ध के साथ हाइब्रिड, ग्रे जोन और साइबर युद्ध की चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। यह तय करना मुश्किल है कि कोई संघर्ष कब शुरू होगा और कब पारंपरिक युद्ध में बदल जाएगा।

तकनीक अब सेना की ताकत बढ़ाने का साधन मात्र नहीं, बल्कि युद्ध लड़ने की रणनीति का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। थल, जल और वायु के साथ अंतरिक्ष भी भविष्य के युद्ध का नया मोर्चा होगा। फिलहाल उपग्रहों का इस्तेमाल निगरानी, खुफिया जानकारी और संचार के लिए हो रहा है।

उन्होंने कहा कि खाड़ी युद्ध के दौरान वायु शक्ति, मिसाइल, नेटवर्क आधारित युद्ध प्रणाली और संचार तकनीक के व्यापक इस्तेमाल ने युद्ध की रणनीति बदल दी। प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में पूरा राष्ट्र युद्ध में शामिल हुआ था।

अब जरूरत है कि युद्ध शुरू होने के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले ही सरकार, उद्योग, नागरिक और संस्थान राष्ट्रीय तैयारी का हिस्सा बनें। रामायण और महाभारत में भी विशेष क्षमताओं वाले अस्त्र-शस्त्रों का उल्लेख मिलता है, जो उस दौर में युद्ध तकनीक के इस्तेमाल को दर्शाते हैं।

ड्रोन और सूचना युद्ध की बढ़ती भूमिका

रूस-यूक्रेन युद्ध का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने ड्रोन तकनीक को राष्ट्रीय स्तर पर अपनाया। उनके अनुसार, रूसी टैंकों को हुए नुकसान में करीब 65 प्रतिशत हिस्सेदारी ड्रोन हमलों की बताई गई है। इस युद्ध में साइबर हमलों, संचार और सूचना तंत्र की भी अहम भूमिका है।

यूक्रेन ने सीमित सैन्य क्षमता के बावजूद तकनीक और नई रणनीतियों से चुनौती पेश की है। इजरायल-हमास संघर्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने आयरन डोम वायु रक्षा प्रणाली और वर्ष 2024 में पेजर विस्फोटों का उदाहरण दिया।

उन्होंने कहा कि अब युद्ध केवल हथियारों से नहीं, बल्कि नैरेटिव और काउंटर नैरेटिव के माध्यम से भी लड़ा जा रहा है। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जून 2025 के संघर्ष का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व तथा ठिकानों को निशाना बनाया गया।

इसके बावजूद ईरान का संघर्ष जारी रहना राष्ट्रीय दृढ़ता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भविष्य के युद्ध में जीत के लिए सेना के साथ पूरे राष्ट्र की तैयारी, तकनीकी आत्मनिर्भरता और लंबे समय तक संघर्ष करने की क्षमता जरूरी होगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे खुलने के बाद बढ़ी पर्यटकों की आमद, Weekend पर फिर जाम से जूझती रही मसूरी

यह भी पढ़ें- दिल्ली से देहरादून आई बरात, शादी के बाद भाई-भाभी ने मांगे 20 लाख... हुआ विवाद... बिन दुल्हन लौटा दूल्हा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।