Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Dehradun News: भूस्खलन प्रभावित जजरेड में वन भूमि हस्तांतरण की अड़चन खत्म, रुकावट का DM बंसल ने किया समाधान

    Updated: Sat, 19 Jul 2025 11:47 AM (IST)

    जिलाधिकारी सविन बंसल ने विकासनगर से चकराता तक सड़कों का निरीक्षण किया। कालसी-चकराता स्टेट हाईवे पर जजरेड पहाड़ी पर भूस्खलन की समस्या को दूर करने के लिए वन भूमि हस्तांतरण की अनुमति दी गई। जजरेड में स्लोप स्टेबलाइजेशन के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए और अन्य मार्गों के सुधारीकरण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।

    Hero Image
    कालसी चकराता स्टेट हाईवे के निरीक्षण के दौरान जजरेड पहाड़ी के ट्रीटमेंट संबंधी जानकारी लेते डीएम सविन बंसल। जागरण

    संवाद सूत्र, जागरण, साहिया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने मानसून सीजन में आपदा के दृष्टिगत विकासनगर से चकराता तक सड़कों की स्थिति जानने के लिए शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस बीच उनके निर्देश पर कालसी-चकराता स्टेट हाईवे पर नासूर बने भूस्खलन प्रभावित जजरेड पहाड़ी के स्लोप स्टेबलाइजेशन (ढलानों स्थिर करने की प्रक्रिया) कार्य के लिए वन भूमि हस्तांतरण व क्षतिपूर्ति से जुड़ी लंबे समय से चली आ रही अड़चन भी दूर हो गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डीएम ने निरीक्षण के दौरान जजरेड में स्लोप स्टेबलाइजेशन के लिए वन भूमि हस्तांतरण की अनुमति दे दी। साथ ही लोनिवि को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ध्वेरा, जड़वाला व हईया मार्ग के सुधारीकरण के भी निर्देश दिए। इस कार्य के लिए उन्होंने 10 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत बमराड़ के पाटा गांव में भूधंसाव के समाधान के लिए जियोलाजिकल सर्वे कराने का भी निर्देश दिया।

    जिलाधिकारी ने जजरेड में खतरनाक बने स्लाइड जोन का निरीक्षण किया। यहां पर करीब 180 मीटर दायरे में पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। इससे मार्ग बार बार बाधित होता है। पंचायत चुनाव के दृष्टिगत डीएम ने कंटिजेंसी प्लान के तहत स्लाइड जोन के दोनों तरफ अतिरिक्त मशीनों की तैनाती के निर्देश भी दिए।

    साहिया के पास सड़क का पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से घाटी क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाली विद्युत लाइन के खंभे को उत्पन्न खतरे को देखते हुए डीएम ने लोनिवि को सड़क का पुस्ता मरम्मत और विद्युत पोल को सुरक्षित करने के लिए शीघ्र आंगणन तैयार करते हुए प्रोटेक्शन वर्क शुरू करने के निर्देश दिए।

    डामटा-पानुआ मोटर मार्ग पर गांव पाटा बमराड़ के पास सड़क के निचली साइड में हो रहे भूस्खलन से सड़क और गांव के कुछ आवासीय मकानों को बने खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोनिवि को जियोलाजिकल सर्वे कराते हुए टीएचडीसी के माध्यम से डिजाइन तैयार कराते हुए इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

    यहां पर स्लाइड जोन के ट्रीटमेंट का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। वहीं कालसी सहिया मोटर मार्ग में धोइरा बैंड पर बनी खतरनाक बना हैगिंग राक को हटाने के लिए भी प्लान तैयार करने को कहा।

    निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, चकराता एसडीएम प्रेम लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. दिनेश चौहान, अधीक्षण अभियंता लोनिवि ओमपाल सिंह, समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, सीएमओ देहरादून मनोज कुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता विधुत अमित सक्सेना, एसडीओ चकराता अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता चकराता नीरज कुमार त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहिया रचना थपलियाल, अधिशासी अभियंता एनएच नवनीत पांडेय, तहसीलदार चकराता रूप सिंह, तहसीलदार त्यूणी सुशीला कोठियाल आदि मौजूद रहे।

    comedy show banner
    comedy show banner