Kargil Vijay Diwas: उत्तराखंड के वीर सपूतों के बिना अधूरी है कारगिल की विजयगाथा, 75 बेटे हुए थे बलिदान
कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 सैनिकों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। राज्य के वीर सैनिकों को कई वीरता पदक मिले हैं। देवभूमि के सपूतों ने हमेशा देश की सुरक्षा के लिए तत्पर रहे हैं। कारगिल योद्धाओं की बहादुरी को याद करने के लिए 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। गढ़वाल राइफल्स और कुमाऊं रेजीमेंट के कई जवानों ने इस युद्ध में अपनी जान गंवाई।

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड को वीरों की भूमि यूं ही नहीं कहा जाता। राज्य का सैन्य इतिहास वीरता और पराक्रम के असंख्य किस्से खुद में समेटे है। कारगिल युद्ध की वीर गाथा भी इस वीरभूमि के जिक्र बिना अधूरी है। राज्य के 75 सैनिकों ने इस युद्ध में देश रक्षा के लिए प्राण न्योछावर किए। ऐसा कोई पदक नहीं, जो राज्य जांबाजों को न मिला हो। इनकी याद में जहां एक ओर आखें नम हो जाती हैं, वहीं सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
देश की सुरक्षा के लिए हमेशा आगे रहे देवभूमि के सपूत
देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए देवभूमि के वीर सपूत हमेशा ही आगे रहे हैं। इन युवाओं में सेना में जाने का क्रेज आज भी बरकरार है। यही कारण है कि आइएमए से पासआउट होने वाला हर 12वां अधिकारी उत्तराखंड से है। वहीं भारतीय सेना का हर पाचवां जवान भी इसी वीरभूमि में जन्मा है। देश में जब भी कोई विपदा आई तो यहां के रणबांकुरे अपने फर्ज से पीछे नहीं हटे।
उत्तराखंड के 1832 सैनिकों ने देश के लिए हुए बलिदान
आजादी के बाद से अब तक हुए विभिन्न युद्ध व आपरेशन में उत्तराखंड के 1832 सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। प्रदेश के वीर सैनिकों को अब तक 1528 वीरता पदक व 344 विशिष्ट सेवा पदक मिल चुके हैं। वर्ष 1999 में हुई कारगिल की लड़ाई में भारतीय सेना ने पड़ोसी मुल्क की सेना को चारों खाने चित कर विजय हासिल की।
कारगिल योद्धाओं की बहादुरी का स्मरण करने व बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए 26 जुलाई को प्रतिवर्ष कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। अति दुर्गम घाटी व पहाड़ियों में देश की आन, बान और शान के लिए भारतीय सेना (वायु सेना समेत) के 526 जवान बलिदान हुए थे। इनमें 75 जांबाज अकेले उत्तराखंड से थे। इस दौरान प्रदेश के सैनिकों को 39 विभिन्न पदक से अलंकृत किया गया।
पहाड़ भुला नहीं पाया बलिदानों का जज्बा
प्रदेश के सर्वाधिक सैनिकों ने कारगिल युद्ध में बलिदान दिया। एक छोटे राज्य के लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। बलिदान का यह जज्बा आज भी पहाड़ भुला नहीं पाया है। जब गढ़वाल रेजीमेंटल सेंटर लैंसडौन के परेड मैदान पर हेलीकाप्टर से बलिदानियों के नौ शव एक साथ उतारे गए तो पूरा पहाड़ अपने लाडलों की याद में रो पड़ा था।
कारगिल आपरेशन में गढ़वाल राइफल्स के 47 जवान बलिदान हुए थे, जिनमें 41 जांबाज उत्तराखंड मूल के ही थे। वहीं, कुमाऊं रेजीमेंट के भी 16 जांबाज बलिदान हुए। इस आपरेशन में मोर्चे पर डटे योद्धाओं ने कोई कसर नहीं छोड़ी। जवानों ने कारगिल, द्रास, मशकोह, बटालिक जैसी दुर्गम घाटी में दुश्मन से जमकर लोहा लिया। युद्ध में वीरता प्रदर्शित करने पर मिलने वाले वीरता पदक इसी की बानगी हैं।
जिन्होंने लहू से लिखी वीर गाथा
- जिला- बलिदानी
- देहरादून- 25
- पौड़ी -13
- टिहरी- 12
- नैनीताल- 6
- चमोली- 5
- पिथौरागढ़- 4
- अल्मोड़ा- 3
- रुद्रप्रयाग -3
- बागेश्वर- 2
- ऊधमसिंह नगर- 2
पदक
- महावीर चक्र : 02
- वीर चक्र : 10
- शौर्य चक्र : 01
- सेना मेडल: 16
- युद्ध सेवा मेडल: 01
- मेंशन-इन-डिस्पैच : 09
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।