Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भोले की असीम भक्‍ती: कांवड़ियों से ऋषिकेश का नीलकंठ क्षेत्र पैक, चार किमी लंबा जाम लगा

    Updated: Sun, 20 Jul 2025 06:08 PM (IST)

    Kanwar Yatra 2025 श्रावण मास के सोमवार से पहले नीलकंठ में लाखों कांवड़ यात्री पहुंचे जिनमें दोपहिया वाहन सवार अधिक हैं। रत्ता पानी के पास चार किलोमीटर तक जाम लग गया। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहनों को रोका। ऋषिकेश में भी कांवड़ियों की भीड़ रही जहाँ वाहनों को बाईपास से भेजा गया। नीचे पढ़ें पूरी खबर।

    Hero Image
    श्रावण मास के सोमवार से पहले लाखों की संख्या में पहुंचे कांवड़ यात्री। जागरण

    जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। श्रावण मास के सोमवार से पहले नीलकंठ क्षेत्र में लाखों कांवड़ यात्री पहुंचे हैं। दोपहिया वाहनों पर सवार कांवड़ यात्रियों की तादात सबसे अधिक है। नीलकंठ मोटर मार्ग पर रत्ता पानी के समीप करीब चार किलोमीटर तक जाम लग गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बीच-बीच में दोपहिया वाहन सवार कांवड़ यात्रियों को पुलिस ने रोककर व्यवस्था बनाई। ऋषिकेश में भी दोपहिया और चौपहिया वाहनों से आ रहे डाक कांवड़ वाहनों की भीड़ रही। श्यापुर से इन दोपहिया और चौपहिया वाहनों को बाईपास से भेजा गया।

    ग्यारह जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा अब अपने चरम पर है। 23 जुलाई को कांवड़ यात्री अपने क्षेत्र में शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। उससे पहले लाखों की संख्या में कांवड़ यात्री जलाभिषेक के लिए नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंच रहे हैं। दोपहिया वाहनों के आने वाले कांवड़ यात्रियों का रैला हरिद्वार से नीलकंठ तक नहीं टूट रहा है।

    नीलकंठ मोटर मार्ग पर हजारों की संख्या में दोपहिया वाहन पहुंच चुके हैं। इस मार्ग पर रत्ता पानी के पास करीब चार किलोमीटर का जाम लग गया। लक्ष्मणझूला की ओर से एंबुलेंस जाने और नीलकंठ से चौपहिया वाहन आने के साथ ही दोपहिया वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम लग गया।

    लक्ष्मणझूला पुलिस ने किसी तरह जाम को खुलवाया। इस दौरान दोपहिया वाहन सवार कांवड़ यात्रियों को रत्ता पानी के पास रोका गया। बीच-बीच में पुलिस वाहनों को होल्ड करती रही। लेकिन हजारों की संख्या में बाइक सवार कांवड़ यात्रियों के आने के चलते व्यवस्था बनाने में दिक्कत रही।

    लक्ष्मणझूला थाने के यातायात प्रभारी अमित भट्ट ने बताया कि लगातार बाइक सवार कांवड़ यात्री आ रहे हैं। रत्ता पानी के पास जाम लग गया था। जिसे खुलवाया गया। वहीं, ऋषिकेश में भी कांवड़ियों की भारी भीड़ रही। ऋषिकेश से ही कांवड़ यात्री नीलकंठ के लिए जा रहे हैं। जिन्हें बाईपास से भेजा रहा है।

    पुलिस ने बदली रणनीति, बाईपास से भेजे वाहन

    रविवार को ऋषिकेश में पुलिस ने ट्रैफिक संचालन के लिए रणनीति बदली। बड़े डाक कांवड़ वाहनों को ऋषिकेश की पार्किंगों में रोका गया। यहां से पैदल और दूसरे साधनों से कांवड़ यात्री नीलकंठ के लिए रवाना हुए।

    दोपहिया वाहनों से आ रहे 70 प्रतिशत कांवड़ यात्रियों को श्यामपुर से बाईपास की ओर भेजा गया। यहां से यह वाहन नटराज चौक होते हुए भद्रकाली, तपोवन होते हुए नीलकंठ के लिए निकले।

    शहर में बड़े डाक कांवड़ वाहनों को नहीं आने दिया गया। दोपहिया वाहन सवार कांवड़ यात्री भी शनिवार के मुकाबले शहर में कम आए। इससे चंद्रभागा पुल पर रविवार को कुछ राहत रही।

    ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि डाक कांवड़ वाहनों को श्यामपुर से बाईपास की ओर भेजा गया।

    जानकी सेतु से केवल पास वाले दोपहिया गए

    रामझूला पुल और जानकी सेतु पर भी भीड़ रही। जानकी सेतु पर पुलिस ने केवल उन दोपहिया वाहनों को जाने दिया, जिनके पहले से पास बने हुए हैं। लक्ष्मणझूला से करीब तीन सौ लोगों को पास जारी किए गए हैं। जानकी सेतु से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर दोपहिया वाहनों को पास की पार्किंग में खड़ा करवाया।

    जानकी सेतु के सेक्टर प्रभारी इंस्पेक्टर ऐश्वर्य पाल ने बताया कि केवल पास वाले दोपहिया वाहनों को जाने दिया जा रहा है। वहीं, नीलकंठ क्षेत्र में तीनों पार्किंग फुल रही। इसके बाद वाहनों को दिउली और खैरखाल पार्किंग में भेजा गया।