Kanwar Yatra 2025: देहरादून से दिल्ली जाने वाली बसों का मार्ग बदला, दून से देवबंद होकर Delhi भेजी गईं गाड़ियां
कांवड़ यात्रा के कारण दिल्ली जाने वाली उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का मार्ग बदल दिया गया है। बसों को सहारनपुर एक्सप्रेस-वे से होकर भेजा जा रहा है लेकिन भीड़ बढ़ने पर करनाल के रास्ते भेजा जाएगा। किराए में मामूली वृद्धि की संभावना है। परिवहन निगम ने प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग पर ही बसों का संचालन करने का आदेश दिया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली मार्ग पर जाने वाली उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का मार्ग शुक्रवार से परिवर्तित हो गया। हालांकि, अभी बसों को सहारनपुर एक्सप्रेस-वे से वाया देवबंद होकर मुजफ्फरनगर-मेरठ मार्ग से दिल्ली भेजा जा रहा है, लेकिन कांवड़ यात्रियों की भीड़ बढ़ने और मुजफ्फरनगर-मेरठ मार्ग बंद हो जाने बाद बसों को सहारनपुर एक्सप्रेस-वे से यमुनानगर-करनाल-पानीपत होकर दिल्ली भेजा जाएगा।
अभी बसों के किराये में किसी तरह की वृद्धि नहीं की गई है, लेकिन अगर बसें वाया करनाल जाएंगी तो देहरादून-दिल्ली के बीच की दूरी 59 किमी बढ़ जाएगी। उस स्थिति में निगम किराये में मामूली वृद्धि करने की बात कह रहा है।
कांवड़ यात्रा के चलते छुटमलपुर-रुड़की मार्ग हुआ बंद
निगम ने गत वर्ष करनाल मार्ग से बसों के संचालन के दौरान वॉल्वो बस के किराए में महज एक रुपया बढ़ाया गया था, जबकि साधारण बस के किराये में 10 रुपये की वृद्धि की थी। बता दें कि, हरिद्वार व ऋषिकेश की ओर से जाने वाली बसों को वाया जानसठ-मीरापुर होकर या करनाल मार्ग से भेजने के आदेश दिए गए हैं।
भीड़ बढ़ी तो करनाल होकर भेजी जाएंगी बसें
उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक पवन मेहरा की ओर से सभी डिपो एजीएम को आदेश दिया गया है कि प्रशासन की ओर से निर्धारित मार्ग पर ही बसों का संचालन किया जाए। गुरुवार देर रात तक बसों को निर्धारित मार्ग दून-रुड़की-मेरठ होकर दिल्ली भेजा गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश पुलिस ने छुटमलपुर से रुड़की का मार्ग बंद कर दिया। जिसके बाद बसों को छुटमलपुर-सहारनपुर एक्सप्रेस-वे से देवबंद-मुजफ्फरनगर होते हुए दिल्ली भेजा गया। दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, जयपुर, फरीदाबाद, अलवर, आगरा जाने वाली बसें भी देवबंद होकर भेजी गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।