Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भोले की भक्ति में डूबी तीर्थनगरी, छह लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया नीलकंठ महादेव का जलाभिषेक

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Sun, 24 Jul 2022 12:01 AM (IST)

    Kanwar Yatra 2022 नीलकंठ महादेव मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ से तीर्थनगरी भोले की भक्ति में डूबी नजर आई। श्रावण मास में अब तक 29 लाख से ज्‍यादा श्रद्धालु नीलकंठ में दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। शनिवार की रात्रि तक छह लाख श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे।

    Hero Image
    नीलकंठ महादेव मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ से तीर्थनगरी भोले की भक्ति में डूबी नजर आई।

    जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: Kanwar Yatra 2022 जनपद पौड़ी गढ़वाल की यमकेश्वर प्रखंड में स्थित पौराणिक नीलकंठ महादेव मंदिर में विभिन्न प्रांतों से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरी तीर्थ नगरी भोले की भक्ति में डूबी नजर आई। श्रावण मास में अब तक 29 लाख से अधिक श्रद्धालु नीलकंठ में दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। शनिवार की रात्रि तक छह लाख श्रद्धालु यहां जलाभिषेक के लिए पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ऋषिकेश, मुनिकीरेती और नीलकंठ मेला क्षेत्र सभी जगह पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दुपहिया वाहनों की भारी आमद के कारण नीलकंठ मोटर मार्ग पर टैक्सी सेवा बंद करनी पड़ी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यमकेश्वर प्रखंड में मणिकूट पर्वत की तलहटी पर स्थित पौराणिक नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रावण मास पर जलाभिषेक को काफी फलदाई माना गया है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश हरियाणा दिल्ली आदि क्षेत्र से बड़ी संख्या में शिव भक्त सावन के महीने में यहां जल चढ़ाने के लिए पहुंचते हैं। पंचक काल समाप्त होने के बाद यहां लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं प्रतिदिन इनकी संख्या बढ़ती ही जा रही है।

    पुलिस कंट्रोल रूम जनपद पौड़ी गढ़वाल के मुताबिक शनिवार की रात आठ बजे तक 5.70 लाख श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंच चुके थे, रात्रि नौ बजे तक यह आंकड़ा छह लाख पार हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण झूला संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि शनिवार रात तक इसे श्रावण मास में नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 29 लाख पार हो गई है। जिला पुलिस कंट्रोल रूम को प्रति दो घंटे के अंतराल में नियमित रूप से जलाभिषेक की रिपोर्ट भेजी जा रही है।

    नीलकंठ मार्ग पर टैक्सी सेवाएं बंद

    ऋषिकेश से लेकर नीलकंठ महादेव मंदिर तक सड़कों पर बड़ी संख्या में दुपहिया वाहन फर्राटा भर रहे हैं। शनिवार को डाक कावड़ से अधिक संख्या में दोपहिया वाहनों में सवार होकर श्रद्धालु नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचे। इन वाहनों की भारी आमद के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही।

    नीलकंठ के पीपलकोटी सेक्टर में तैनात उप निरीक्षक अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि पीपलकोटी से नीलकंठ महादेव मंदिर तक दुपहिया वाहनों की भारी आमद होने के कारण टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने स्वेच्छा से इस मार्ग पर टैक्सी वाहनों का संचालन बंद रखा। मंदिर परिसर और उसके आसपास स्थित जिला पंचायत और अन्य पार्किंग पूरी तरह से पैक हो गई। ऋषिकेश, ढालवाला, मुनिकीरेती आदि क्षेत्र में भी स्थाई और अस्थाई पार्किंग डाक कावड़ और बाइक के कारण पूरी तरह से पैक तक रही।

    नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक की स्थिती

    समय संख्या

    प्रातः 02:00 9659

    प्रातः 04:00 23500

    प्रातः 06:00 46402

    प्रातः 08:00 89108

    प्रातः 10:00 147033

    दोपहर12:00 212139

    दोपहर 02:00 282880

    शाम 04:00 356110

    शाम 06:00 433350

    रात्रि 08:00 507203

    पुरूष 2340787

    महिला 570601

    कुल योग 2911388

    स्रोत: पुलिस कंट्रोल रूम जिला पौड़ी गढ़वाल