विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कंगना रनौत के पुराने वीडियो को गलत कैप्शन के साथ वायरल करने पर देहरादून में केस दर्ज

Published: Mon, 16 Nov 2026 12:44 PM (IST)

भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ प्रसारित करने पर देहरादून में मुकदमा दर्ज ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक और झूठे तथ्यों के साथ प्रसारित करना कई लोगों को भारी पड़ सकता है। वीडियो को गलत कैप्शन और टिप्पणियों के साथ वायरल कर सांसद की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के मामले में देहरादून के राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने थाना राजपुर में लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद कंगना रनौत का राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करने का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।

इस वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया आईडी से भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ साझा किया जा रहा है।
शिकायत के मुताबिक, वीडियो के माध्यम से यह झूठा दावा किया जा रहा है कि सांसद ने 29 अक्टूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखा था।

इस तरह धार्मिक परंपरा और मंदिर में की गई पूजा को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर सांसद की गरिमा को ठेस पहुंचाने के साथ ही धार्मिक भावनाएं आहत करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और आईडी की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर वीडियो प्रसारित करने वालों को चिह्नित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- चार दिवसीय छठ महापर्व का हुआ समापन, देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश सहित घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, देखें तस्वीरें

यह भी पढ़ें- देहरादून में दो लोगों को साइबर ठगों ने बनाया शिकार, खाते से उड़ाए 4.05 लाख रुपये

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।