जोशीमठ में भू-धंसाव की गति 11 गुना बढ़ी, 2025-26 में फिर सक्रिय होने के संकेत
जोशीमठ में भू-धंसाव की गति 2021 के बाद 11 गुना बढ़कर 56 मिमी प्रतिवर्ष हो गई है, और एक नए अध्ययन में 2025-26 में फिर से सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
सुमन सेमवाल, देहरादून। जोशीमठ में जनवरी 2023 की भू-धंसाव की तीव्र घटना के बाद जमीन की हलचल फिर से तेज होने लगी है। वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान (डब्ल्यूआइएचजी) के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में किए गए नए अध्ययन में वर्ष 2025-26 के दौरान फिर से भू-धंसाव के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।
राष्ट्रीय भू-अनुसंधान अध्येता सम्मेलन (एनजीआरएसएम)-2026 जोशीमठ में जमीन के धंसाव की औसत गति वर्ष 2016-2020 के दौरान लगभग पांच मिलीमीटर प्रतिवर्ष थी, जो 2021-2026 के दौरान बढ़कर करीब 56 मिलीमीटर प्रतिवर्ष हो गई। यानी दोनों अवधियों की औसत गति के परिमाण में लगभग 11 गुना अंतर दर्ज किया गया।
उपग्रह और जीपीएस से 10 वर्षों की गतिविधियों का अध्ययन
शोधकर्ताओं ने वर्ष 2016 से 2026 तक के सेंटिनल-1 उपग्रह के इंटरफेरोमेट्रिक सिंथेटिक अपर्चर रडार के आंकड़ों को लगातार संचालित होने वाले ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम के आंकड़ों के साथ मिलाकर विश्लेषण किया। शोध में सर्वाधिक 9.51 मिलीमीटर प्रतिदिन की गति दर्ज की गई।
यह अधिकतम गति 2022 के अंतिम महीनों से 2023 की शुरुआत तक की अवधि में सामने आई, जिसमें जनवरी 2023 के धंसाव की घटना भी शामिल थी। इससे स्पष्ट हुआ कि उस समय जोशीमठ में जमीन की हलचल पहले से मौजूद भूगर्भीय गतिविधि के बीच अचानक तेज हुई थी।
जमीन के नीचे 6.3 करोड़ घन मीटर सक्रिय भू-पिंड
अध्ययन में जमीन के नीचे की संरचना समझने के लिए इलेक्ट्रिकल रेजिस्टिविटी टोमोग्राफी, मल्टीचैनल एनालिसिस आफ सरफेस वेव्स और ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। इनसे जमीन के भीतर अलग-अलग परतों, नमी, चट्टानों की कठोरता में अंतर और भूगर्भीय दरारों की स्थिति का अध्ययन किया गया।
इसके बाद भौतिकी आधारित इनवर्जन माडलिंग से सक्रिय भू-पिंड की संरचना का अनुमान लगाया गया। शोध के अनुसार, यह भू-पिंड लेंस के आकार का है, जिसकी औसत मोटाई 27.9 मीटर आंकी गई है। इसका अनुमानित आयतन 6.3 करोड़ घन मीटर है।
2023 के बाद धीमी पड़ी गतिविधि, लेकिन 2025-26 में फिर उभरे संकेत
अध्ययन का सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह है कि वर्ष 2023 के बाद जमीन की हलचल में आई कमी स्थायी स्थिरीकरण का प्रमाण नहीं है। 2025-26 के दौरान दोबारा भू-विरूपण के संकेत मिलने से स्पष्ट होता है कि जोशीमठ की भूगर्भीय प्रणाली अभी भी सक्रिय है।
शोधकर्ताओं के अनुसार, जोशीमठ में जमीन की हलचल को समझने के लिए केवल सतह पर दिखाई देने वाली दरारों या एक समय के सर्वेक्षण पर निर्भर नहीं रहा जा सकता। इसके लिए उपग्रह, जीपीएस, जमीन के भीतर की संरचना और जलवायु संबंधी आंकड़ों की संयुक्त निगरानी जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।