उत्तराखंड सरकार चली दिल्ली, चार दिन जनता दरबार स्थगित
उत्तराखंड में अब चार दिनों तक सरकार का जनता दरबार नहीं लगेगा। क्योंकि सभी राष्ट्रपति के दौरे और दिल्ली में होने वाली भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैैठक में व्यस्त रहेंगे।
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: सरकार, संगठन और आमजन के बीच सामंजस्य बनाने की कड़ी में भाजपा मुख्यालय में मंत्रियों के समस्याएं सुनने का सिलसिला चार दिन स्थगित रहेगा। बताया गया कि राष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे और दिल्ली में होने वाली भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में मंत्रियों के व्यस्त रहने के के कारण यह निर्णय लिया गया है।
एक पखवाड़े के भीतर यह दूसरा मौका है, जब चार दिन के लिए जनता दरबार स्थगित किया गया है। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के देहरादून प्रवास के मद्देनजर 17 से 20 सितंबर तक मंत्री प्रदेश मुख्यालय में नहीं बैठ पाए थे। मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी उर्बा दत्त भट्ट ने बताया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 23 व 24 सितंबर को उत्तराखंड के दौरे पर हैं। ऐसे में मंत्री विभिन्न स्थानों पर व्यस्त रहेंगे। इसके अलावा 25 व 26 सितंबर को दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक होनी है। इसे देखते हुए चार दिन के लिए जनता दरबार स्थगित किया गया है। अब यह 27 सितंबर को लगेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की पहल पर बलवीर रोड स्थित भाजपा मुख्यालय में रोजाना मंत्रियों के जनता दरबार में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही आमजन की समस्याएं सुनी जाती हैं। ये बात अलग है कि इस कार्यक्रम में धीरे-धीरे शिकायतों व समस्याओं का ग्राफ कम हो रहा है, लेकिन जो लोग पहुंचते हैं उन्हें कुछ न कुछ लाभ जरूर हो रहा है। साथ ही मंत्रियों का प्रशासनिक मशीनरी से इस बहाने संवाद भी हो रहा है।
यह भी पढें: अब तबादलों के लिए नहीं लगानी पड़ेगी गुहार
यह भी पढ़ें: ड्रेसकोड नहीं बड़ा मुद्दा, बेहतर शिक्षा जरूरी: अरविंद पांडेय
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: ड्रेस कोड मसला सुलझने के नहीं बने आसार