जन्माष्टमी को द्रोणनगरी तैयार, झांकी व वृंदावन के कलाकारों की प्रस्तुति होगी खास
देहरादून में जन्माष्टमी की धूम है। मंदिर रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सज गए हैं। मंदिरों में झांकियां और प्रतियोगिताएं होंगी। वृंदावन के कलाकार प्रस्तुति देंगे मटकी फोड़ कार्यक्रम होंगे और कान्हा बने बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस्कॉन मंदिर में फूल बंगला दर्शन होगा और 1008 भोगों का अर्पण होगा। पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में रासलीला होगी। अन्य मंदिरों में भी विशेष आयोजन होंगे।

जागरण संवाददाता, देहरादून। जन्माष्टमी के लिए दून के मंदिर रंग-विरंगी लाइट और फूलों से सज चुके हैं। इस बार मंदिरों में होने वाले धार्मिक आयोजन, विभिन्न झांकी और प्रतियोगिता इसे और भी भव्य बनाएंगे। मंदिरों में जन्माष्टमी पर भव्य कार्यक्रम होंगे। कहीं वृंदावन के कलाकार प्रस्तुति देंगे तो कई जगह मयूर नृत्य, दीप नृत्य, लठमार होली, लड्डू होली, डांडिया, रास संस्कृति की प्रस्तुति देखने को मिलगी। जगह-जगह मटकी फोड़ कार्यक्रम के साथ ही कई मंदिरों में कान्हा बने बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।
हर वर्ष भाद्रपद के कृष्ण पक्ष की अष्टमी जन्माष्टमी मनाई जाती है। इस बार कई मंदिरों में शुक्रवार को कुछ जगह शनिवार को भी जन्माष्टमी मनाई जाएगी। मंदिर समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। रंग विरंगी लाइटों से मंदिर के साथ ही परिसर को भी सजाया है। जहां श्रीकृष्ण राधा की चमचमाती लाइटें सभी को आकर्षित कर रही हैं। मंदिर परिसर कृष्णमय हो चुका है। सुबह से लेकर शाम तक विभिन्न कीर्तन मंडली भी कृष्ण भजनों की प्रस्तुति देने पहुंच रही हैं। मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार दून में जन्माष्टमी का भव्य नजारा देखने को मिलेगा।
इस्कान में फूल बंगला का दर्शन, 1008 भोगों का होगा विशेष अर्पण
देहरादून: जन्माष्टमी पर वृंदावन के श्री श्री राधा बांके बिहारी का विश्वप्रसिद्ध फूल बंगला दर्शन मोथोरोवाला स्थित इस्कान श्री श्री राधा बांके बिहारी मंदिर में होगा। जहां श्री विग्रह चांदी के सिंहासन पर विराजमान होकर ताजे फूलों के मध्य अपने भक्तों को दर्शन देंगे।
मंदिर के अध्यक्ष परम करुणा माधव दास ने बताया कि महोत्सव 16 अगस्त सुबह पांच से रात 12 बजे तक चलेगा। जिसमें भक्तगण पूरे दिन दर्शन, कीर्तन और भक्ति का आनंद ले सकेंगे। 108 कलशों से भव्य महाअभिषेक, आनंदमय कृष्ण कथा, देश-विदेश से आए कलाकारों के नृत्य और संगीत कार्यक्रम, झांकियां, आध्यात्मिक खेल और भक्ति-प्रधान फिल्में इस दिन देखने को मिलेंगी। इसके साथ ही इस श्रीकृष्ण को 1008 भोगों का विशेष अर्पण किया जाएगा।
वृंदावन के कलाकार देंगे प्रस्तुति, कान्हा बनने वाले होंगे पुरस्कृत
देहरादून: सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर जन्माष्टमी पर मथुरा वृंदावन से 31 कलाकारों की टीम भव्य प्रस्तुति देगी। रासलीला में मयूर नृत्य, दीप नृत्य, लठमार होली, लड्डू होली, डांडिया, रास संस्कृति एवं धार्मिक कार्यक्रम देखने को मिलेंगे। मंदिर के दिगंबर दिनेश पुरी ने बताया कि शुक्रवार को व्रत रखा जाएगा।
श्री कृष्ण जन्म पर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत होगी। इस दौरान जूनून डांस एकेडमी के बच्चों की ओर से नृत्य किए जाएंगे।शनिवार को भव्य नंद उत्सव मनाया जाएगा। जिसमें मथुरा वृंदावन के कलाकार प्रस्तुति देंगे। मंदिर में कान्हा बनकर आने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। शनिवार को मंदिर प्रांगण में मथुरा वृंदावन के कलाकार भव्य नंद उत्सव में रासलीला प्रस्तुत करेंगे। जिसमें श्री कृष्ण की लीलाएं, मटकी फोड़, महारास खास रहेगा। 20 को होगा छठी पर्व होगा।
श्री चैतन्य गौड़ीय मठ में संकीर्तन व अभिषेक होगा विशेष
देहरादून: डीएल रोड स्थित श्री चैतन्य गौड़ीय मठ की ओर से शुक्रवार को नगर कीर्तन निकाला जाएगा। जिसमें राधे कृष्ण और ढोल की थाप पर भक्त नृत्य करते चलेंगे। नगर कीर्तन मठ से सर्वे चौक से होते हुए करनपुर से वापस संपन्न होगा। शनिवार रात को बाल लीलाएं होगी। जिसे भगवत पाठ के बाद रात 12 बजे अभिषेक व दर्शन खास होंगे। इसके बाद प्रसाद वितरित किया जाएगा। उधर, पटेलनगर स्थित आदर्श मंदिर में श्री नरवदेश्वर महादेव सेवा समिति, श्री आदर्श मंदिर एवं महिला संकीर्तन मंडल की ओर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव महोत्सव में शाम को भजन संध्या में भजन गायकों ने प्रस्तुति देंगे।
प्रेमनगर में वृंदावन के कलाकार देंगे प्रस्तुति
देहरादून: प्रेमनगर स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर के प्रधान सुभाष माकिन ने बताया कि शुक्रवार को क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसमें भगवान कृष्ण की विभिन्न झांकियां खास होगी। मंदिर में भजन संध्या की जाएगी।
शनिवार को मंदिर में भगवान कृष्ण की रासलीला में वृंदावन के कलाकार प्रस्तुति देंगे। वहीं, किशन नगर चौक स्थित राधाकृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी पर भजन कीर्तन की प्रस्तुति देखने को मिलेगी। मंदिर के पुजारी प्रमोद चमोली ने बताया कि मंदिर को फूलों व लाइटों से सजाया गया है। गेट से अंदर आते ही यहां का नाजारा अद्भुत रहेगा। इसके लिए मंदिर में इस समय विभिन्न कार्यक्रम की तैयारी चल रही है।
पौंधा में मटकी फोड़ विजेता को 31 हजार का पुरस्कार
देहरादून: श्री राधाकृष्ण मंदिर मेला समिति पौंधा में जन्माष्टमी पर शुक्रवार को क्षेत्र में शोभायात्रा निकाली जाएगी। शनिवार को भजन संध्या में भजन गायक राधा कृष्ण के भजनों की प्रस्तुति देंगे। रविवार को मटकी फोड़ खेल प्रतियोगिता खास रहेगी। जिसमें विभिन्न टीमें प्रतिभाग करते हुए दमखम दिखाएंगे। यह प्रतियोगिता शाम चार बजे से शुरू हो जागगी। इसमें विजेता टीम को 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस बार देहरादून में इस प्रतियोगिता के भी युवाओं में खासा उत्साह है।
श्री सनातन धर्म सभा गीता भवन में में रुक्मिणी मंगल का विशेष मंचन
देहरादून: श्री सनातन धर्म सभा गीता भवन में जन्माष्टमी पर विभिन्न प्रस्तुति देखने को मिलगी। मेघदूत नाट्य संस्था की ओर से एसपी ममगाईं के निर्देशन में रुक्मिणी मंगल का विशेष मंचन रात आठ से 10 बजे तक होगा। जिसमें कलाकारों की प्रस्तुति भक्ति के रंग जमाएंगे। इसके अलावा श्री सिद्धेश्वर राम मंदिर कान्वेंट रोड, प्राचीन श्री हनुमान मंदिर घंटाघर व श्री राधा कृष्ण मंदिर त्यागी रोड में भी विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सुबह से लेकर रात तक यहां भजन कीर्तन की प्रस्तुति खास होगी। इसके लिए मंदिर समिति की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।
पटेलनगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का होगा विशेष महोत्सव
देहरादून: पटेलनगर स्थित श्री श्याम सुंदर मंदिर में 17 अगस्त तक श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जा रहा है। जिसमें इन दिनों वृंदावन के आचार्य मधुर कृष्ण महाराज भक्तमाल कथा का श्रवण करा रहे हैं। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र चड्ढा ने बताया कि शुक्रवार तक प्रतिदिन साय पांच बजे से भक्तमाल की कथा, 16 अगस्त को रात्रि आठ से बारह बजे तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का विशेष महोत्सव होगा। जिसमें भजन गायकों की प्रस्तुति विशेष रहेगी। 17 अगस्त को शाम पांच बजे से नंदोत्सव मनाया जाएगा। इसी के साथ 21 अगस्त को छठी उत्सव व 31 अगस्त को राधा अष्टमी होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।