नारी निकेतन में जेनी की आपबीती सुन नम हो गई थीं जांच समिति सदस्यों की आंखें, पूर्व मंत्री विजया बड़थ्वाल ने बताई कहानी
पूर्व मंत्री विजया बड़थ्वाल ने हरक सिंह रावत के जैनी प्रकरण पर दिए बयानों का खंडन किया है। उन्होंने 23 ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। जैनी प्रकरण को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं यमकेश्वर विधायक विजया बड़थ्वाल ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत के हालिया बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने 23 साल पुराने घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन विधानसभा समिति जब पीड़िता की आपबीती सुनने नारी निकेतन पहुंची थी तो जैनी की दर्दभरी दास्तां सुन समिति के सदस्यों की आंखें नम हो गई थीं।
समिति ने अपनी रिपोर्ट में वही बातें हूबहू दर्ज की थीं, जो जैनी ने स्वयं सदस्यों के सामने बताई थीं। विजया बड़थ्वाल ने रविवार को जारी बयान में कहा कि हरक सिंह रावत की ओर से एक बार फिर उनका नाम जैनी प्रकरण में घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
हरक का यह आरोप पूरी तरह निराधार है कि उन्होंने और भाजपा विधायक आशा नौटियाल ने जैनी को उनके खिलाफ उकसाया था। उन्होंने कहा कि हरक बार-बार उन पर और आशा नौटियाल पर मानहानि का मुकदमा करने की धमकी देते हैं।
यदि उन्हें लगता है कि उनकी छवि खराब हुई है तो उन्हें सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया है, जिससे उनकी मानहानि हुई या छवि खराब हुई।
कांग्रेस सरकार के दौरान गठित हुई थी समिति
बड़थ्वाल ने उस समय के घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि जब जैनी प्रकरण सामने आया था, तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और हरक सिंह रावत सरकार में मंत्री थे। तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष यशपाल आर्य ने काशी सिंह ऐरी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय विधानसभा समिति का गठन किया था।
वह भी बतौर विधायक इस समिति की सदस्य थीं। समिति में अजय भट्ट, आशा नौटियाल और तत्कालीन जिलाधिकारी शासकीय प्रतिनिधि के रूप में शामिल थीं। उन्होंने बताया कि समिति जैनी की बात सुनने के लिए नारी निकेतन गई थी।
वहां जैनी ने अपने साथ हुई घटनाओं की आपबीती सुनाई थी। उनकी बातें सुनकर समिति के सदस्यों की आंखें नम हो गई थीं। समिति ने अपनी रिपोर्ट में वही बातें हूबहू दर्ज की थीं, जो जैनी ने स्वयं सदस्यों को बताई थीं।
राजनीतिक जीवन पर नहीं लगा कोई दाग
विजया बड़थ्वाल ने कहा कि उनका न तो हरक सिंह रावत से और न ही जैनी से कोई व्यक्तिगत लेना-देना है। अपने कई वर्षों के राजनीतिक जीवन में विधायक, मंत्री, विधानसभा उपाध्यक्ष और महिला आयोग की अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहने के बावजूद उनके राजनीतिक करियर पर कोई दाग नहीं है।
यमकेश्वर की जनता ने उन्हें लगातार तीन बार चुनकर अपना आशीर्वाद दिया है। उन्हें विश्वास है कि आगामी चुनाव में भी जनता उन पर भरोसा जताएगी।
अंकिता और जैनी के न्याय की लड़ाई दलगत राजनीति से ऊपर उठकर लड़ें
बड़थ्वाल ने कहा कि अंकिता भंडारी और जैनी जैसी पीड़ित बेटियों के नाम पर राजनीतिक दलों को ओछी राजनीति बंद करनी चाहिए। सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इंसानियत के नाते उनके न्याय की लड़ाई लड़नी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अंकिता और जैनी का विषय अत्यंत संवेदनशील है। देवभूमि की राजनीति का स्तर कभी नहीं गिरना चाहिए और इसकी शुचिता एवं गरिमा हर हाल में बनी रहनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- देहरादून में अमित शाह के पोस्टर पर पोती काली स्याही, कांग्रेस कार्यकर्ता नामजद
यह भी पढ़ें- दीवाली-छठ पर रेलवे का तोहफा, बाराबंकी के बुढ़वल में रुकेगी देहरादून मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।