प्रॉपर्टी डीलर के घर में मिले अवैध असलहे, पहुंचा जेल
पुलिस ने एक प्रॉपर्टी डीलर के घर से अवैध असलहे बरामद किए हैं। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
By Edited By: Published: Tue, 02 Apr 2019 09:12 PM (IST)Updated: Wed, 03 Apr 2019 04:05 PM (IST)
v style="text-align: justify;">ऋषिकेश, जेएनएन। प्रॉपर्टी डीलर के घर में छिपाकर रखे तीन अवैध असलहे बरामद किए गए हैं। इसमें एक सिंगल बैरल बंदूक, एक पिस्टल और एक रिवॉल्वर शामिल है। प्रॉपर्टी डीलर इन तीनों का लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस ने दावा किया है प्रॉपर्टी डीलर इन असलहों से जंगल में शिकार करता था। साथ ही इलाके में इसका प्रदर्शन कर लोगों पर रौब भी गालिब करता था।
लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस इन दिनों संदिग्ध और अवैध शस्त्रों की चेकिंग के लिए अभियान चलाए हुए है। मंगलवार को थानाध्यक्ष रानीपोखरी पीडी भट्ट के नेतृत्व में पुलिस ने टीम के साथ रानीपोखरी के झीलवाला डांडी के पास से एक व्यक्ति के घर की तलाशी ली। पुलिस ने स्थानीय निवासी भगवान सिंह चौहान पुत्र शूरवीर सिंह चौहान के घर से 7.65 बोर की एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर और एक 12 बोर की सिंगल बैरल वाली बंदूक के साथ ही चार 12 बोर के जिंदा कारतूस बरामद किए।
आरोपित भगवान सिंह के पास इन हथियारों को रखने का लाइसेंस तक नहीं था। पुलिस ने अवैध हथियार सीज कर अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप में भगवान सिंह चौहान पुत्र शूरवीर सिंह चौहान (45 वर्ष) निवासी ग्राम डांडी थाना रानीपोखरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि करीब 3-4 वर्ष पूर्व झीलवाला के जंगल से उसे यह बंदूक मिली थी। जिसे वह जंगल में शिकार करने व खेतों से जंगली जानवरों को भगाने के काम में लाता था, जबकि रिवॉल्वर व पिस्टल पिछले कई वर्षों से उसके घर पर ही थी।
थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि आरोपित भगवान सिंह चौहान प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करता है। आरोपित से अवैध असलहों के रखने के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है। उसे कोर्ट में पेश कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें