विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भविष्य में होगा तारामंडल संग्राम, उपग्रहों को निशाना बनाएंगे दुश्मन देश... भारत को रहना होगा तैयार

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:16 PM (IST)

लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) पीजेएस पन्नू ने 'वैली ऑफ वर्ड्स' महोत्सव में कहा कि भविष्य में अंतरिक्ष युद्ध का बड़ा मोर्चा होगा, जिसके लिए भारत को उपग्रह सुरक्षा और साइबर क्षमता मजबूत करनी होगी। 

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। आने वाले समय में युद्ध का एक बड़ा मोर्चा अंतरिक्ष होगा। दुश्मन देश के उपग्रहों को निशाना बनाना, उनकी निगरानी व्यवस्था को बाधित करना और अंतरिक्ष में अपनी ताकत बढ़ाना सैन्य रणनीति का हिस्सा बन सकता है। ऐसे में भारत को भी उपग्रहों की सुरक्षा, निगरानी और साइबर क्षमता मजबूत करने की तैयारी अभी से करनी होगी।

इसके लिए आधुनिक तकनीक के साथ कुशल मानव संसाधन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी जरूरी है। यह बात लेफ्टिनेंट जनरल पीजेएस पन्नू (सेनि) ने वैली ऑफ वर्ड्स साहित्यिक महोत्सव में कही। वह संदीप उन्नीथन के साथ अपनी पुस्तक 'तारामंडल संग्राम' पर चर्चा कर रहे थे। सत्र का विषय 'फ्रंटियर टेक्नोलॉजीज, आउटर स्पेस एंड इंडियाज प्लेस इन द वर्ल्ड' था।

इसकी अध्यक्षता मेजर जनरल संजय शर्मा (सेनि) ने की। पन्नू ने कहा कि अंतरिक्ष अब केवल वैज्ञानिक शोध, संचार और मौसम की जानकारी जुटाने तक सीमित नहीं है। सैन्य अभियानों में भी उपग्रहों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और सैन्य गतिविधियों के संचालन में अंतरिक्ष आधारित तकनीक अहम है। ऐसे में किसी देश के उपग्रहों पर हमला उसकी सैन्य क्षमता को प्रभावित कर सकता है।

उन्होंने चीन की ओर से विकसित की जा रही तकनीकों का उल्लेख करते हुए फ्रैक्शनल ऑर्बिटल बॉम्बार्डमेंट सिस्टम (एफओबीएस) और हाइपरसोनिक मिसाइलों को भविष्य की सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बताया। अंतरिक्ष में दूसरे देशों की संपत्तियों को निष्क्रिय या नष्ट करने वाली तकनीक को काउंटर स्पेस टेक्नोलॉजी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि भारत को इन चुनौतियों के अनुरूप अपनी तैयारी मजबूत करनी होगी।

सैन्य तैयारी में निजी कंपनियों की भी भूमिका

पन्नू ने बताया कि भारत ने अंतरिक्ष और साइबर क्षेत्र की सैन्य जरूरतों के लिए डिफेंस स्पेस एजेंसी और डिफेंस साइबर एजेंसी बनाई हैं। अब इस क्षेत्र में इसरो और डीआरडीओ के साथ निजी कंपनियों की भूमिका भी बढ़ानी होगी। स्काईरूट, अग्निकुल, पिक्सल और गैलेक्सीआई जैसी कंपनियां अंतरिक्ष तकनीक के विकास में योगदान दे रही हैं। सरकारी संस्थानों और निजी क्षेत्र के बीच सहयोग से देश की क्षमता बढ़ सकती है।

उन्होंने कहा कि हर देश के लिए अपने सभी उपग्रह बनाना जरूरी नहीं है। दूसरे देशों और कंपनियों की अंतरिक्ष सेवाओं का उपयोग भी किया जा सकता है। इसे 'स्पेस एज ए सर्विस' कहा जाता है। इससे कम संसाधनों में निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने की क्षमता बढ़ाई जा सकती है। अंतरराष्ट्रीय सहयोग से देशों को बेहतर सूचना और रणनीतिक फैसले लेने में मदद मिल सकती है।

अंतरिक्ष में सहयोग भी, प्रतिस्पर्धा भी

पन्नू ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां दस देश मिलकर काम कर रहे हैं। भारत का अंतरिक्ष यात्री भी इस स्टेशन पर जा चुका है।

भारत अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि ब्रिटेन की एक कंपनी ने भारत के स्पेस क्लब से जुड़ने में रुचि दिखाई है। इससे अंतरिक्ष क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

नई तकनीक के लिए युवाओं को प्रशिक्षण जरूरी

उन्होंने सॉफ्टवेयर आधारित उपग्रह, सॉफ्टवेयर आधारित नेटवर्क, साइबर-फिजिकल लैब और क्वांटम व पोस्ट-क्वांटम सुरक्षा तकनीक विकसित करने पर जोर दिया। कहा कि इन क्षेत्रों में युवाओं को प्रशिक्षित करना जरूरी है। तकनीकी कौशल में निवेश से अंतरिक्ष उद्योग और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इसका लाभ देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मिलेगा।

पन्नू ने कहा कि भारत को अंतरिक्ष क्षेत्र में केवल तेजी से आगे बढ़ने के बजाय अपनी जरूरतों, तकनीकी क्षमता, उद्योग और कुशल मानव संसाधन के बीच संतुलन बनाना होगा। अंतरिक्ष में मजबूत स्थिति बनाने के लिए यही तैयारी भविष्य में निर्णायक साबित होगी।

यह भी पढ़ें- देहरादून वैली ऑफ वर्ड्स साहित्योत्सव में मालिनी अवस्थी ने लोकगीतों के महत्व पर जोर दिया, सांस्कृतिक विरासत समझने की अपील

यह भी पढ़ें- देहरादून में बोले पेमा खांडू, चैटजीपीटी नहीं किताबें बढ़ाएंगी सोचने-समझने की क्षमता, वैली ऑफ वर्ड्स महोत्सव का किया उद्घाटन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।