उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगे कूड़े के दो पहाड़, आईआईटी रुड़की करेगा ड्रोन सर्वे... सामने आएगा सच
देहरादून नगर निगम ने अनुबंधित कंपनी के कूड़ा निस्तारण दावों पर संदेह जताते हुए आईआईटी रुड़की से शीशमबाड़ा और सहस्रधारा रोड स्थित कूड़े के ढेर का दोबारा सर्वे कराने का निर्णय लिया है। यह ड्रोन सर्वे कूड़े की वास्तविक स्थिति का आकलन करेगा और आधुनिक निस्तारण विधियों पर सुझाव भी देगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। शहर की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था और करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के कामकाज की वास्तविक स्थिति अब तकनीकी जांच के दायरे में आ गई है।
शीशमबाड़ा सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और सहस्रधारा रोड स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड में जमा कूड़े का आईआईटी रुड़की की टीम दोबारा सर्वे करेगी। इसके लिए आगामी शुक्रवार को टीम के देहरादून पहुंचने की उम्मीद है। ड्रोन सर्वे के बाद दोनों स्थानों पर अब तक हुए कूड़ा निस्तारण की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
दरअसल, इन दोनों स्थानों पर कूड़े के निस्तारण का जिम्मा संभाल रही अनुबंधित कंपनी की ओर से आधे से अधिक कूड़ा निस्तारित किए जाने का दावा किया गया है। हालांकि, मौके पर अब भी कूड़े के बड़े-बड़े ढेर मौजूद हैं। कंपनी के दावों और धरातल पर दिखाई दे रही स्थिति में अंतर को देखते हुए नगर निगम ने आईआईटी रुड़की से तकनीकी सर्वे कराने का निर्णय लिया है।
आईआईटी की टीम इससे पहले भी एक बार सर्वे कर चुकी है। अब दोबारा होने वाले सर्वे में कूड़े की मात्रा और निस्तारण की प्रगति का आकलन किया जाएगा। आईआईटी रुड़की की टीम दोनों स्थलों पर शेष बचे पुराने कूड़े की मात्रा का आकलन करेगी। इसके आधार पर यह स्पष्ट हो सकेगा कि अनुबंधित कंपनी ने अब तक कितना कूड़ा निस्तारित किया है और कितना कूड़ा अभी भी निस्तारण की प्रतीक्षा में है।
मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आनंद शुक्ला ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और निस्तारण की रणनीति तय होगी। निगम रिपोर्ट के आधार पर कंपनी को भुगतान करेगा या पेनाल्टी लगाएगा।
आधुनिक तकनीक से निस्तारण का मिलेगा सुझाव
सर्वे का उद्देश्य केवल कूड़े की मात्रा का आकलन करना ही नहीं है, बल्कि इसके वैज्ञानिक और आधुनिक तरीके से निस्तारण का रास्ता भी तलाशना है। आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञ शेष कूड़े के निस्तारण के लिए उपलब्ध आधुनिक तकनीकों के बारे में सुझाव देंगे। इसके अलावा दोनों प्लांट का संचालन अधिक प्रभावी बनाने, कूड़े के वैज्ञानिक प्रसंस्करण और भविष्य में ऐसी स्थिति पैदा न होने देने के उपाय भी सुझाए जाएंगे।
दो दशक से पुराने कूड़े की समस्या
सहस्रधारा रोड स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्ष 2002 से 2017 तक शहर का कूड़ा डाला जाता रहा। वर्ष 2017 में शीशमबाड़ा में नया कूड़ा निस्तारण प्लांट शुरू होने के बाद पुराना डंपिंग ग्राउंड बंद कर दिया गया, लेकिन वहां जमा लाखों टन कूड़े की समस्या बनी रही।
वहीं शीशमबाड़ा में भी वर्षों से बड़ी मात्रा में पुराना कूड़ा जमा है। पूर्व में आईआईटी रुड़की को शीशमबाड़ा के पुराने कूड़े की मात्रा और गुणवत्ता का आकलन करने की जिम्मेदारी दी जा चुकी है।
यह भी पढ़ें- आईआईटी रुड़की की शोध ने बढ़ाई चिंता, भारत के जिलों में बाढ़ और सूखे का दोहरा खतरा बढ़ा
यह भी पढ़ें- आईआईटी रुड़की ने बनाया थ्रीडी-मिडास स्मार्ट बैंडेज, शरीर की ऊर्जा से भरेगा घाव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।