Rishikesh में रातभर मूसलाधार बारिश ने उड़ाई नींद, कई जगह जल भराव; डरा रही उफनती नदी
ऋषिकेश में बुधवार रात मूसलाधार वर्षा से लोग दहशत में रहे। गंगा नगर में सड़कें तालाब बन गईं। ढालवाला-चौदहबीघा के लोग भी सहमे रहे। चंद्रभागा नदी में उफान से ट्रांजिट कैंप को खतरा है। सिंचाई विभाग पानी को चैनेलाइज करने में जुटा है। भारी वर्षा और आसमानी बिजली कड़कने से लोग पूरी रात जागते रहे। गंगा नगर की गलियां तालाब बनीं कई और जगह भी मुसीबत।

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। बुधवार रात एक बार फिर हुई मूसलाधार वर्षा ने लोगों की नींद उड़ा दी। पूरी रात आसमानी बिजली कड़कने के साथ वर्षा होती रही। पहले से ही अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों के लोग सहमे रहे। पाश कालोनी गंगा नगर की सड़कें तालाब बन गईं। ढालवाला-चौदहबीघा के लोग भी सहमे रहे।
सितंबर के दूसरे पखवाड़े में भी बादल जमकर बरस रहे हैं। सोमवार रात और मंगलवार सुबह ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में अतिवृष्टि के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। बुधवार को मौसम कुछ खुला रहा। लेकिन रात नौ बजे से वर्षा का सिलसिला शुरू हो गया। रात गहराने के साथ ही वर्षा और तेज होती गई।
आसमानी बिजली कड़कने और मूसलाधार वर्षा के कारण लोग सहमे रहे। सुबह करीब छह बजे तक लगातार वर्षा का सिलसिला चलता रहा। भारी वर्षा और बिजली कड़कने से लोग पूरी रात सहमे रहे। ढालवाला, चौदहबीघा से लेकर मनसा देवी, श्यामपुर के अलग-अलग इलाकों में रात को कई जगह जल भराव हुआ। हालांकि, वर्षा थमने के बाद अधिकांश जगह से पानी उतर गया था। शहर में सबसे अधिक परेशानी गंगा नगर क्षेत्र के लोगों को उठानी पड़ी।
गली नंबर तीन, चार, पांच और नौ में भारी जल भराव हुआ। इससे लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी। वहीं, ढालवाला, चौदहबीघा क्षेत्र के लोग भी भारी वर्षा से सहमे रहे। सोमवार रात चंद्रभागा में आए उफान के कारण तटबंध करीब सत्तर मीटर तक टूट गया था। गुरुवार को भी सिंचाई विभाग ने पाकलैंड मशीनों के जरिए पानी को नदी के बीच में लाने का काम जारी रखा।
ट्रांजिट कैंप तक पानी आने का खतरा
चंद्रभागा नदी के उफान पर आने के कारण यात्रा ट्रांजिट कैंप के नदी से सटे क्षेत्र को खतरा बना हुआ है। गेट नंबर दो के पास कटाव हुआ है। हालांकि, नदी का जल स्तर कम होने और सिंचाई विभाग की ओर से नदी का पानी चैनेलाइज करने से किनारों में पानी कम हुआ है। अगर वर्षा का दौर जारी रहता है तो खतरा पैदा हो सकता है।
चारधाम यात्रा प्रशासन संगठन के विशेष कार्याधिकारी डा. प्रजापति नौटियाल ने चंद्रभागा नदी के किनारे का निरीक्षण किया। बताया कि सिंचाई विभाग को पूर्व में ही बाढ़ सुरक्षा के संबंध में पत्र दिया जा चुका है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।