यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देहरादून के सहस्त्रधारा में अतिवृष्टि से तबाही, भूस्खलन से कई होटल और दुकानें मलबे में दबे
देहरादून में मानसून की वर्षा से मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। सहस्रधारा के कर्लीगार्ड क्षेत्र में भारी वर्षा ने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। मानसून की वर्षा से मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। भारी वर्षा के यलो अलर्ट के बीच सोमवार आधी रात सहस्रधारा के कर्लीगार्ड क्षेत्र में अतिवृष्टि ने लोगों को डरा दिया।
आसमान से बरसी आफत ने ऐसा कहर बरपाया कि सड़क, पुलिया, होटल, रिसार्ट और दुकानें मलबे की चपेट में आ गईं। दहशत में आए लोग घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा है।
रात करीब एक बजे भारी वर्षा के बीच सहस्रधारा-सलोना मार्ग पर भूस्खलन हो गया। वर्षा का पानी और मलबा सड़क पर आ गया। घरों में मलबा घुसने से लोग जाग गए और घरों से बाहर निकल आए।
मोबाइल से वीडियो बनाकर एक दूसरे को उठाया गया। वीडियो में लोग सहस्रधारा का संपर्क कटने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। एसडीआरएफ और फायर की टीम में मौके के लिए रवाना हो गई हैं।
रात में ही जेसीबी से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। उधर, मसूरी देहरादून मार्ग पर कोल्हूखेत से नीचे पानी वाले बैंड के समीप रात साढ़े नौ बजे भूस्खलन हो गया।
इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगी है। जाम में फंसे मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि मूसलधार वर्षा से भूस्खलन हुआ है। जेसीबी मशीन और वन विभाग की टीम सड़क खोलने में जुटी है।
