हरिद्वार में दारोगा पर गोली चलाने वाले हरियाणा बदमाश को पुलिस ने घेरा, खुद को गोली मारी; मौत
हरियाणा के बदमाश सुनील कुमार जिसने हरिद्वार में एक पुलिस अधिकारी को गोली मारी थी ने देहरादून में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस उसे पकड़ने गई थी लेकिन उसने सरेंडर करने के बजाय खुद को गोली मार ली। वह हरियाणा में धोखाधड़ी के मामलों में वांछित था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। घटना की जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। हरिद्वार में हरियाणा पुलिस के दारोगा को गोली मारने वाले बदमाश सुनील कुमार ने देहरादून में रिश्तेदार के घर में सिर पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद से हरियाणा और उत्तराखंड की पुलिस बदमाश के पीछे लगी हुई थी।
देहरादून में बदमाश को पकड़ने पहुंची पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने खुद को गोली मार ली। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आइजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
हरियाणा के जींद जिले में धोखाधड़ी व आइटी एक्ट के दो मुकदमों में आरोपित सुनील कुमार निवासी जींद लंबे समय से फरार चल रहा था। गत वर्ष उसने भिवानी (हरियाणा) के एसपी सुमित कुमार को फोन पर धमकी भी दी थी।
तभी से हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम उसकी तलाश में जुटी थी। बीते दिनों सुनील के हरिद्वार में छिपे होने की सूचना पर हरियाणा से दारोगा सुरेंद्र प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम हरिद्वार पहुंची। यहां शनिवार को हरियाणा पुलिस ने उसे रोडवेज बस अड्डा परिसर में घेर लिया।
पुलिस से सामना होने पर सुनील भागा, लेकिन फिसलकर गिर गया। दारोगा सुरेंद्र प्रकाश उसे पकड़ने के लिए नजदीक पहुंचे तो उसने पिस्टल निकालकर उन पर गोली चला दी और भाग निकला। पेट और कोहनी में गोली लगने से गंभीर घायल दारोगा सुरेंद्र प्रकाश एम्स ऋषिकेश में भर्ती हैं।
इसके बाद हरिद्वार में भी सुनील के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया और हरियाणा पुलिस के साथ हरिद्वार की स्थानीय पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई।
रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सुनील देहरादून में कांवली रोड पर अपने मौसेरे भाई जीतेंद्र की ससुराल में छिपा हुआ है। इसके बाद हरियाणा, हरिद्वार व देहरादून की संयुक्त पुलिस टीम जीतेंद्र को लेकर उसके ससुराल पहुंची। वहां पुलिस काफी देर तक सुनील से सरेंडर करने को कहती रही, लेकिन वह नहीं माना।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि पुलिस से बचने का कोई रास्ता नहीं देख बदमाश ने डर के मारे खुद को गोली मार दी। पुलिस जीतेंद्र से भी पूछताछ कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।