हरिद्वार कुंभ मेला: स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विस्तार, 32 सेक्टरों में फैला होगा अस्पतालों का नेटवर्क
हरिद्वार कुंभ मेला क्षेत्र में व्यापक चिकित्सा नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जिसमें 32 सेक्टरों में 3456 बेड, 320 ...और पढ़ें

फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। हरिद्वार कुंभ मेला क्षेत्र में इस बार व्यापक चिकित्सा नेटवर्क विकसित किया जाएगा। पिछले कुंभ आयोजनों में भीड़ के दबाव के बीच चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और आपातकालीन उपचार की चुनौतियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का जाल 32 सेक्टरों में फैलाया जाएगा।
इसके तहत अस्थायी अस्पतालों, प्राथमिक उपचार केंद्रों और मेडिकल रिलीफ पोस्ट के जरिये श्रद्धालुओं को नजदीक ही उपचार उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मेला क्षेत्र में कुल 3456 बेड की व्यवस्था की जाएगी। इनमें 1570 बेड स्थायी राजकीय अस्पतालों, 436 अस्थायी चिकित्सा केंद्रों और 1450 निजी चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध कराए जाएंगे। चिकित्सा सेवाओं के संचालन के लिए 320 डाक्टरों की तैनाती होगी। इनमें 32 विशेषज्ञ डाक्टर शामिल हैं। इसके अलावा 249 नर्सिंग अधिकारी और 166 फार्मासिस्ट भी तैनात किए जाएंगे।
भीड़ में मरीज तक पहुंचेगी बाइक एंबुलेंस
कुंभ के दौरान भीड़भाड़ वाले घाटों, संकरे रास्तों और मेला क्षेत्र में आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 39 बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) एंबुलेंस संचालित की जाएंगी, इसके अलावा दो एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस और 10 बाइक एंबुलेंस मेला क्षेत्र में उपलब्ध कराई जाएंगी।
तब स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठे थे सवाल
पिछले महाकुंभ में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर तैयारियों पर सवाल उठे थे। हाई कोर्ट ने भी कहा था कि हरिद्वार में सामान्य दिनों में करीब 10 लाख और विशेष स्नान पर्वों पर 50 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना के मुकाबले चिकित्सा व्यवस्था पर्याप्त नहीं हैं।
कुंभ के दौरान गंभीर मरीजों को आईसीयू बेड मिलने में परेशानी भी सामने आई। इसीलिए इस बार सरकार ने 32 चिकित्सा सेक्टरों में अस्पतालों और उपचार केंद्रों का नेटवर्क तैयार कर व्यवस्थाओं को पुख्ता करने की रणनीति बनाई है।
कुंभ की स्वास्थ्य व्यवस्था
चिकित्सा सेक्टर - 32
कुल बेड 3456
आउटसोर्स कार्मिक -1020
अस्थायी चिकित्सा व्यवस्था पर खर्च -36.72 करोड़
स्थायी अस्पतालों की मरम्मत -7.18 करोड़
“पिछले कुंभ के अनुभवों और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इस बार स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि किसी भी श्रद्धालु को आपात स्थिति में इलाज के लिए दूर न जाना पड़े और समय पर उपचार देकर हर जीवन सुरक्षित रखा जा सके।”
डा. सुनीता टम्टा, महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग
यह भी पढ़ें- अर्धकुंभ में हरिद्वार की सफाई व्यवस्था होगी चाकचौबंद, 10 हजार क्यूआर कोड करेंगे ऑनलाइन निगरानी
यह भी पढ़ें- हरिद्वार अर्धकुंभ के श्रद्धालुओं का डिजिटल साथी तैयार, एक क्लिक पर मिलेगी घाटों-पार्किंग और रूट की जानकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।