विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्द्धकुंभ सुरक्षा: हरिद्वार-ऋषिकेश में कमांड कंट्रोल रूम, AI और 1021 सीसीटीवी से निगरानी

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:00 AM (IST)

हरिद्वार और ऋषिकेश में आगामी अर्द्धकुंभ मेले के लिए सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं, जिसमें 15-21 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। एक कमांड कंट्रोल रूम, 1021 सीसीटीवी कैमरे, एआई निगरानी, एटीएस/एनएसजी की तैनाती और ग्रीन कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं ताकि मेला सुरक्षित रहे।

हरिद्वार में बनाया जा रहा है कमांड कंट्रोल रूम। जागरण

हरिद्वार में बनाया जा रहा है कमांड कंट्रोल रूम। जागरण

HighLights

  1. हरिद्वार में कमांड कंट्रोल रूम, 13 ग्रिडों से जुड़ेगा।

  2. 1021 सीसीटीवी कैमरों से एआई आधारित निगरानी होगी।

  3. एटीएस, एनएसजी तैनात, 09 संवेदनशील स्थल चिह्नित।

सोबन सिंह गुसांई, देहरादून। आगामी अर्द्धकुंभ मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। जनवरी माह में से शुरू हो रहे अर्द्धकुंभ में इस बार 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मेले के दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र में 09 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके साथ ही आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और राहत-बचाव कार्यों को सुगम बनाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस करने के लिए हरिद्वार में अत्याधुनिक कमांड कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। यह कंट्रोल रूम 13 अलग-अलग ग्रिडों से जुड़ा होगा, जिससे पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर एकीकृत रूप से नजर रखी जा सकेगी। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निर्णय लेने में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

अर्द्धकुंभ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की तैनाती भी प्रस्तावित है। संवेदनशील स्थलों और प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी अलग-अलग स्तर पर सुरक्षा योजना तैयार की जा रही है।

1021 कैमरों से होगी हर तरफ की निगरानी
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुल 1021 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इन कैमरों को कमांड कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। खास बात यह है कि निगरानी व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसके माध्यम से भीड़ की गतिविधियों, असामान्य हलचल और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। इससे पुलिस को संभावित खतरे का समय रहते आकलन कर कार्रवाई करने में आसानी होगी।

यह भी पढ़ें- राजाजी टाइगर रिजर्व में शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव, जंगल सफारी के शौकीनों की जेब पर होगा असर

अर्द्धकुंभ क्षेत्र में बनेंगे 09 ग्रीन कोरिडोर
इसके अलावा हरिद्वार और ऋषिकेश के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। ग्रीन कारिडोर के माध्यम से एंबुलेंस, आपातकालीन सेवाओं और सुरक्षा एजेंसियों के वाहनों को जरूरत पड़ने पर बिना किसी बाधा के आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अर्द्धकुंभ में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार कर रही हैं। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी निगरानी और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय के जरिए मेले को सुरक्षित बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- यात्रीगण कृपया ध्यान दें! दिसंबर से फरवरी तक रद रहेंगी हावड़ा-देहरादून समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।