यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Harela 2022 : उत्तराखंडवासियों ने लिया धरा को हरा बनाने का संकल्प, प्रदेश में रोपे गए साढ़े छह लाख पौधे
Harela 2022 वन विभाग की पहल पर वन क्षेत्रों से इतर चलने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून : Harela 2022 : लोकपर्व हरेला उत्तराखंड में धूमधाम से मनाया गया। प्रदेश में में सरकारी और निजी स्तर पर चले पौधारोपण अभियान के तहत करीब साढ़े छह लाख पौधे रोपे गए। इस दौरान ज्यादातर स्थानों पर फलदार पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज के पास पौधा रोपकर प्रदेशवासियों से वर्षभर पौधारोपण अभियान में शामिल होने की अपील की।
शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अमलतास का पौधा रोपा और प्रदेशवासियों को पर्यावरण संरक्षण को संस्कृति से जोड़ने वाले पारंपरिक पर्व हरेला की शुभकामनाएं दीं। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने हरेला पर्व की बधाई देते हुए इस पर्व को सांस्कृतिक धरोहर बताया।
उन्होंने कहा कि हरेला पर्व के तहत एक माह तक प्रदेशभर में 15 लाख पौधे लगाए जाएंगे। जिनमें 50 प्रतिशत फलदार पौधे शामिल होंगे। इसके अलावा अगले एक वर्ष के भीतर सवा दो करोड़ से अधिक पौधे प्रदेश में रोपने का लक्ष्य रखा गया है। जिनमें 45 लाख से अधिक फलदार पौधे होंगे। इस अवसर पर महापौर सुनील उनियाल गामा, विधायक उमेश शर्मा काऊ, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख मुख्य वन संरक्षक विनोद कुमार सिंघल, गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार आदि ने भी पौधे रोपे।
हरेला पर्व पर माननीयों ने भी किया पौधरोपण
काबीना मंत्री गणेश जोशी ने न्यू कैंट रोड स्थित शासकीय आवास में पौधरोपण किया और कार्यकर्ताओं को फलदार पौधे वितरित किए। इस अवसर पर उद्यान निदेशक डा. एचएस बवेजा,भाजपा नेता पूनम नौटियाल, सुरेंद्र राणा, मंजीत रावत, बेला गुप्ता, संध्या थापा आदि उपस्थित रहे।
हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला एवं भोले महाराज के आवास पहुंचकर काबीना मंत्री जोशी ने उनसे शिष्टाचार भेंट की और वहां स्थित उद्यान में आम के पौधे का रोपण भी किया। उधर, झाझरा स्थित डिजिटल आंगनबाड़ी केंद्र में काबीना मंत्री रेखा आर्य ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण किया। शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने देहरादून के राजकीय बालिका इंटर कालेज राजपुर रोड में पौधारोपण किया।
राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विस अध्यक्ष ने दी शुभकामना
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने राज्यवासियों को प्रकृति पर्व हरेला की शुभकामना दी है। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि उत्तराखंड की लोक परंपराओं और लोकसंस्कृति से जुड़ा हरेला पर्व पर्यावरण संरक्षण का महोत्सव है। उन्होंने कहा कि बदली परिस्थितियों में पर्यावरण संरक्षण का महत्व अधिक बढ़ गया है।
पर्यावरण बचाने के लिए सभी को अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करना चाहिए। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि हरेला पर्व हमें संपन्नता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। आने वाली पीढ़ी को शुद्ध वातावरण मिल सके, इसके लिए सभी को पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति ध्यान देना होगा। विधानसभा अध्यक्ष खंडूड़ी ने कहा कि सांस्कृतिक महत्व के साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से हरेला पर्व का विशेष महत्व है। हरेला पर्व सीधे तौर पर प्रकृति के साथ सामंजस्य बैठाने की भूमिका में नजर आता है।
- Uttarakhand Tourism (@uttarakhand_tourismofficial) 16 July 2022
- Trivendra Singh Rawat (@tsrawatbjp) 16 July 2022
