हल्द्वानी दुष्कर्म मामले पर हरक सिंह रावत का भाजपा पर तीखा हमला, बोले चुप क्यों है भाजपा महिला मोर्चा
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने हल्द्वानी सामूहिक दुष्कर्म मामले पर भाजपा और महिला मोर्चा की चुप्पी पर ...और पढ़ें

HighLights
हरक सिंह ने भाजपा महिला मोर्चा की चुप्पी पर सवाल उठाए।
उन्होंने हल्द्वानी सामूहिक दुष्कर्म मामले पर भाजपा को घेरा।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर सरकार को घेरते हुए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। प्रदेश कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने हल्द्वानी के सामूहिक दुष्कर्म प्रकरण को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरा उत्तराखंड शर्मसार है।
साथ ही इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस जेनी मामले में सीबीआइ जांच हो चुकी है, उसमें तो भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी प्रेस कान्फ्रेंस करती हैं, लेकिन जब घटनाएं हो रही हैं तो उस पर वे मौन क्यों हैं।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में हरक सिंह ने हल्द्वानी की घटना के आलोक में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हुई घटनाओं का हवाला दिया और कहा कि आखिर उत्तराखंड में ये क्या हो रहा है।
उन्होंने सवाल किया कि इन घटनाओं पर भाजपा महिला मोर्चा मौन क्यों हैं, क्या महिला मोर्चा से जुड़ी महिलाएं राज्य की बहन-बेटी नहीं हैं। क्यों नहीं, वे अपनी पार्टी के नेताओं से सवाल करतीं, क्यों भाजपा से इस्तीफा नहीं दे देतीं।
त्रिवेंद्र को बताया सच्चा उत्तराखंडी
पूर्व मंत्री हरक सिंह ने जेनी प्रकरण को लेकर हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के वक्तव्य की तारीफ की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए सांसद त्रिवेंद्र के प्रत्येक शब्द में मान-मर्यादा व संस्कार हैं।
प्रदेश को गंदी राजनीति से बचाने का संदेश है। त्रिवेंद्र सच्चे उत्तराखंडी हैं। उन्होंने कहा कि जो सच्चा देशभक्त होगा, जिसमें थोड़े भी संस्कार होंगे, वो सभी बातें जानकार यह अवश्य कहेगा कि उत्तराखंड में घिनौनी राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है।
मैं लौटा दूंगा सरकार को 25 लाख रुपये
हरक ने अंकिता भंडारी प्रकरण के आलोक में भी विधायक दिलीप रावत व भाजपा सरकार को घेरा। विधायक दिलीप रावत के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अगर अंकिता की आत्मा को न्याय और उसकी माता के आंसू खरीदने की कीमत 25 लाख रुपये है तो वह अपने पास से सरकार को यह राशि लौटा देंगे। उन्होंने कहा कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।