हरक सिंह रावत ने जेनी को बताया भाजपा की कठपुतली, पुराने आरोपों पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने जेनी पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है और असम के मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात पर सवाल उठाए हैं।

HighLights
हरक ने जेनी को भाजपा की कठपुतली बताया, लगाए गंभीर आरोप
असम सीएम से मुलाकात पर हरक सिंह रावत ने उठाए सवाल
अंकिता भंडारी मामले से ध्यान भटकाने का भाजपा पर आरोप
राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने उन पर आरोप लगाने वाली जेनी की असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा से मुलाकात पर सवाल खड़े किए हैं।
हरक ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में आरोप लगाते हुए कहा कि जेनी भाजपा की कठपुतली बन चुकी है और उसके इशारे पर खेल रही है।
उन्होंने कहा कि जेनी को 23 साल बाद याद आ रहा है कि उसके साथ गलत हुआ है। इसी कड़ी में जेनी से उन पर वही आरोप लगवाए जा रहे हैं, जो उसने 23 साल पहले लगाए थे और तब सीबीआइ व डीएएन जांच में वह बेदाग निकले थे।
पूर्व मंत्री हरक सिंह ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा जेनी को हथियार बनाकर घिनौनी राजनीति कर रही है। यह समझ से परे है कि एक निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ जेनी को हथियार बनाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब उनकी कोई गलती ही नहीं है तो फिर उनका कांग्रेस संगठन के पदों से त्यागपत्र का कोई सवाल ही नहीं उठता। साथ ही भाजपा पर आरोप जड़ा कि वह उत्तराखंड में घटिया राजनीति कर माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए जनता उसे कभी माफ नहीं करेगी।
जेनी के शपथ पत्र में अंकित नहीं था उसके पुत्र के पिता का नाम
23 साल पहले तत्कालीन मंत्री हरक सिंह पर आरोप लगाने वाली जेनी ने नौ अगस्त, 2011 को नगर निगम देहरादून के स्वास्थ्य अनुभाग से अपने पुत्र अंशु का जन्म प्रमाणपत्र लिया था, लेकिन इसमें पिता का नाम अंकित नहीं है।
पूर्व मंत्री हरक सिंह ने नगर निगम से मिली जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि तब जेनी ने जो शपथ पत्र दिया था, उसमें अपने पति का नाम राजकुमार तिवारी तो लिखा, लेकिन शपथ पत्र में पुत्र के पिता का नाम का उल्लेख नहीं किया। इसी के चलते प्रमाणपत्र में पिता का नाम अंकित नहीं हो पाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।