ऋषिकेश बस दुर्घटना: सीटों पर उछल रहे थे यात्री, टोकने पर भी नहीं माना चालक
हल्द्वानी बस दुर्घटना में यात्रियों ने बताया कि चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था और चेतावनी के बावजूद ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
दीपक सेमवाल, ऋषिकेश। हल्द्वानी निवासी पंकज कांडपाल श्रीनगर मेडिकल कालेज में कार्यरत हैं। त्योहार मनाने के बाद वह ड्यूटी पर लौट रहे थे। वह हरिद्वार से बस में सवार हुए और परिचालक के ठीक पीछे वाली सीट पर बैठे थे। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि यात्री सीटों से उछल रहे थे।
मुनिकीरेती बाईपास पर बस एक-दो पहाड़ी से टकराते-टकराते बची। यात्रियों ने दो-तीन बार रफ्तार कम करने को कहा, लेकिन चालक नहीं रुका। कुछ देर बाद पंकज की आंख लग गई। जागा तो चारों ओर अंधेरा था और चीख-पुकार मची थी। पंकज ने बताया कि चालक के पीछे बैठे एक व्यक्ति के हाथ में गिलास था।
उन्होंने आशंका जताई कि वहां शराब का सेवन कर रहा था। दुर्घटना में हल्द्वानी निवासी अंजू और उनके पति नवीन भी घायल हुए। अंजू रुद्रप्रयाग अस्पताल में स्टाफ नर्स हैं, जबकि पति निजी क्षेत्र में काम करते हैं। त्योहारी अवकाश के बाद नवीन पत्नी को छोड़ने रुद्रप्रयाग जा रहे थे। दंपती ने भी बस की रफ्तार अधिक बताई।
रफ्तार को लेकर उठते रहे सवाल
दुर्घटना में बस के नियमित परिचालक अनुज भंडारी की भी मौत हो गई। वह मंगलवार को ही बस में गए थे। परिवहन कंपनियों की विशेष सेवाओं की बसों की रफ्तार पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश से सुबह सवा तीन बजे बस सेवाएं चलती हैं। कई बसें एक साथ चलने पर आगे की सवारियां उठाने के लिए चालक रफ्तार बढ़ाते हैं, ताकि श्रीनगर-रुद्रप्रयाग से सवारियां बैठा सकें।
आर्या ने पिता व चाचा को खोया
मध्य प्रदेश निवासी सगे भाइयों दीपक गुप्ता और विकास गुप्ता की दुर्घटना में मौत हो गई। विकास की पुत्री आर्या गुप्ता भी उनके साथ औली घूमने जा रही थी। घायल आर्या पिता और चाचा के बारे में पूछती रही। मध्य प्रदेश में स्वजन ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की। दीपक से एक बार बात हुई, लेकिन बाद में उनका फोन बंद आने लगा।
एक घंटे में घायलों का रेस्क्यू
सूचना पर डीएम टिहरी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे मौके पर पहुंचे। बाद में उन्होंने एम्स जाकर घायलों का हाल जाना। पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस नरेंद्रनगर और शिवपुरी स्थित आइटीबीपी कैंप के जवानों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस-प्रशासन ने स्थानीय और निजी अस्पतालों, एलएंडटी व नवयुग कंपनी की एंबुलेंस भी बुलाई। एक घंटे के भीतर घायलों का रेस्क्यू किया गया।
बस का टायर करीब 50 मीटर दूर गिरा
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आगे केबिन में बैठे कुछ यात्री शीशा टूटने के बाद नीचे जा गिरे। तीन यात्री पत्थरों के नीचे दब गए थे, जिन्हें हटाने के लिए जेसीबी बुलानी पड़ी। बस का एक टायर करीब 50 मीटर दूर जा गिरा। सुबह का समय होने से सड़क पर वाहन कम थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।