रुद्रप्रयाग बरात हादसा: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, चार बरातियों की मौत
रुद्रप्रयाग में दुल्हन को लेकर लौट रही बरात का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल ...और पढ़ें

गांव कर रहा था बरात के लौटने का इंतजार, मिली हादसे की सूचना, पूरा गांव घटनास्थल की ओर दौड़ा। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
बृजेश भट्ट, रुद्रप्रयाग। जिस घर में दुल्हन के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, मंगल गीत गूंज रहे थे और स्वजन बरात के लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम पसर गया। जिस गांव में सुबह से शादी की खुशियां थीं, वहां देर रात चार बरातियों की मौत की खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
दुल्हन को लेकर खुशी-खुशी लौट रही बरात में शामिल एक वाहन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे ने न केवल चार परिवारों की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे रांसी गांव को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया।
दर्दनाक सफर
सोमवार सुबह रांसी गांव से दीपक की बरात पूरे उल्लास के साथ पोखरी के लिए रवाना हुई थी। लोकवाद्यों की थाप और हंसी-खुशी के बीच बराती दूल्हे के साथ विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे।
पोखरी में विवाह की रस्में पूरी होने के बाद सभी बराती दुल्हन को लेकर गांव लौट रहे थे। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि कुछ ही देर बाद खुशियों से भरा यह सफर जिंदगी का सबसे दर्दनाक सफर बन जाएगा।
रात करीब सवा नौ बजे कंडारा के समीप बरातियों से भरा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना की खबर जैसे ही रांसी गांव पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। जिस घर में दुल्हन के आगमन की तैयारियां हो रही थीं, वहां खुशियों की जगह चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
सूचना मिलते ही गांव के लोग करीब 50 किमी दूर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। रात के घने अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के बीच ग्रामीणों ने पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान में हाथ बंटाया। वह सुबह करीब छह बजे तक खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे रहे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्राम प्रधान शिव सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने पुलिस और बचाव दलों के साथ मिलकर पूरी रात राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। सुबह छह बजे तक सभी प्रभावितों को निकालने के लिए प्रयास जारी रहे। इस हृदयविदारक घटना से पूरा गांव स्तब्ध है। चार परिवारों में अपनों को खोने का असहनीय दुख है। वहीं रांसी गांव में अब लोकवाद्यों की गूंज नहीं, बल्कि अपनों को खोने का दर्द और सिसकियां सुनाई दे रही हैं।
दूल्हे के मामा व दो चचेरे भाइयों की मौत
बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर हुए बोलेरो हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस दुर्घटना में दो चचेरे भाई मदन सिंह और कुंवर सिंह की मौत हो गई, जबकि दूल्हे के मामा सूरज सिंह भी हादसे का शिकार होकर असमय काल के गाल में समा गए। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अपनों को खोने पर मातम छा गया। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, दूल्हे के मामा की मौत ने विवाह समारोह की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया।
यह भी पढ़ें- हरिद्वार-जोशीमठ बस हादसे में नौ की मौत, दुमका के छह यात्री घायल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।