भाजपा 23 साल पुराने जेनी प्रकरण को जानबूझकर उछाल रही: गणेश गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा पर 23 साल पुराने जेनी प्रकरण को जानबूझकर उछालने का आरोप लगाया, इसे अन्य मामलों से ध्यान भटकाने का प्रयास बताया।

HighLights
गणेश गोदियाल ने भाजपा पर जेनी प्रकरण उछालने का आरोप लगाया।
हरक सिंह रावत को सीबीआई जांच में पहले ही क्लीन चिट मिली।
कांग्रेस ने भाजपा पर अन्य मामलों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। प्रदेश कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत पर जेनी की ओर से लगाए गए आरोपों के आलोक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा को निशाने पर लिया है।
गोदियाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा 23 साल पुराने प्रकरण को जानबूझकर उकेर रही है। यह अंकिता भंडारी, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, गणेश जोशी व डा.धन सिंह रावत से जुड़े प्रकरणों को दबाने का प्रयास है।
गोदियाल ने कहा कि जेनी प्रकरण में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद इसकी सीबीआइ जांच हुई। जांच में हरक सिंह रावत को क्लीन चिट मिली। साथ ही यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कानून को मानने में विश्वास रखती है।
पूर्व में कानून ने अपना काम किया है। फिर भी यदि किसी को कोई शिकायत है तो स्वयं हरक सिंह रावत ने भी कहा है कि वह 10 बार जांच कराने के लिए तैयार हैं।
कई सवाल खड़े करती है इस विषय की टाइमिंग: हरदा
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ‘हरदा’ ने कहा कि 23 साल बाद अचानक जेनी का प्रकट होना और वह भी तब जबकि जेनी प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने टिप्पणी की हो, तो यह विषय कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि यह सत्यता है कि बेटी-बेटी है और नारी-नारी है, उसके सम्मान की रक्षा होनी चाहिए। इसमें किसी प्रकार का भेद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब इस बात का उठकर आना, इसकी टाइमिंग को लेकर प्रश्न खड़े करता है।
साथ ही जोड़ा कि जांच के बिंदु पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड के स्वाभिमान की रक्षा का प्रश्न है, उसे किसी अन्य प्रकरण से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
जो सच है, जनता के सामने आए: दसौनी
प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि जेनी प्रकरण में जो सच है, वह जनता के सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेनी प्रकरण में सीबीआइ जांच में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत को क्लीन चिट मिली थी।
उन्होंने कहा कि यदि जेनी के साथ कुछ गलत हुआ है तो उसे न्याय मिलना चाहिए। यह भी आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा अब गड़े मुर्दे उखाड़ रही है।
यह भी पढ़ें- जेनी प्रकरण: हरक सिंह रावत मामले में पुराना केस खोलने में हैं कई कानूनी चुनौतियां, विशेषज्ञों ने दी जानकारी
यह भी पढ़ें- हरक सिंह रावत को बेटा स्वीकार करना होगा, नहीं तो यहीं दे दूंगी जान, जेनी ने किया आर-पार की लड़ाई का ऐलान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।