देहरादून में शर्मनाक कांड: ट्यूशन सेंटर में 12 साल बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरोपित संचालक गिरफ्तार
ट्यूशन सेंटर में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। स्कूल में छुट्टी के चलते 12 वर्षीय बच्ची गिटार सीखने के लिए आरोपित विश्वास के पास जाती थी। कुछ दिन से पीड़ित ट्यूशन जाने से इनकार कर रही थी। इसका कारण जब सामने आया तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

जासं, देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में गिटार सीखने आई बच्ची के साथ आरोपित शिक्षक ने पहले छेड़छाड़ की ओर उसके बाद दुष्कर्म किया। इस संबंध में बच्ची के परिजनों को पता चला तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपित टीचर को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार स्कूल में छुट्टी के चलते 12 वर्षीय बच्ची कुछ समय से प्रेमनगर में गिटार सीखने के लिए आरोपित प्रेमनगर निवासी 42 वर्षीय विश्वास दत्त के पास जाती थी। गिटार सिखाते-सिखाते पहले आरोपित ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की।
इसके बाद सभी हदें पार करते हुए बच्ची के साथ गलत काम किया। इसके बाद डरी सहमी बच्ची ने ट्यूशन जाने से इंकार किया तो स्वजनों ने कारण पूछा। कई बार पूछने के बाद बच्ची ने बताया कि आरोपित ट्यूशन टीचर ने उसके साथ गलत काम किया। स्वजनों ने इसकी सूचना प्रेमनगर थाने में दी।
थानाध्यक्ष कुंदन राम ने बताया कि सूचना पर तत्काल आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला दारोगा ने बच्ची से पूछा तो उसने पूरी घटना के बारे में बताया।
दुष्कर्म का आरोपित गुरुग्राम से गिरफ्तार
देहरादून: किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म के आरोपित को नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से पीड़ित को बरामद कर स्वजनों के सुपुर्द किया गया है। थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार ने बताया कि 29 जून को एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उनकी नाबालिक पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है।
इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में किशोरी के घर के आसपास आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया गया। साथ ही सर्विलांस के माध्यम से किशोरी के संबंध के जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि किशोरी को सुमित नाम का युवक बहला फुसलाकर अपने साथ भगाकर ले गया है। आरोपित के गुरुग्राम हरियाणा में होने की जानकारी मिली।
तत्काल एक टीम को रवाना किया गया, जहां टीम ने आरोपित के संबंध में गोपनीय रूप से जानकारी प्राप्त करते हुए सूचना पर आरोपित सुमित निवासी ग्राम भंडोसी, थाना धामरोज, जिला गुरुग्राम, हरियाणा को गुरुग्राम हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। बयानों में पीड़ित ने बताया कि इस दौरान आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके आधार पर दुष्कर्म की धाराओं में बढ़ोतरी की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।