विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 11, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अब ट्रेन के जनरल टिकट के लिए नहीं लगना होगा कतार में Dehradun News

By Sunil NegiEdited By:
Published: Tue, 11 Feb 2020 12:29 PM (IST)

अब दून रेलवे स्टेशन पर आपको जनरल टिकट के लिए कतार में लगकर धक्के नहीं खाने होंगे। रेलवे ने स्टेशन के मुख्यद्वार पर दो ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगाई हैं।

अब ट्रेन के जनरल टिकट के लिए नहीं लगना होगा कतार में Dehradun News
अब ट्रेन के जनरल टिकट के लिए नहीं लगना होगा कतार में Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब दून रेलवे स्टेशन पर आपको जनरल टिकट के लिए कतार में लगकर धक्के नहीं खाने होंगे। रेलवे ने स्टेशन के मुख्यद्वार पर दो ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगाई हैं। जिनसे कोई भी यात्री खुद अपना टिकट निकाल सकता है। 

यार्ड री-मॉडलिंग के बाद रेलवे स्टेशन की सूरत काफी बदल गई है। नए प्लेटफार्म बनाने और पुराने प्लेटफार्मों का विस्तार करने के साथ यात्री सुविधाओं में भी इजाफा किया गया है। इसी क्रम में यहां ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन भी लगाई गई हैं। ताकि यात्रियों को जनरल टिकट के लिए लाइन में लगकर समय न गंवाना पड़े। हालांकि, स्टेशन पर निर्माण कार्य अभी भी चल रहे हैं। जिससे यात्रियों को थोड़ी परेशानी भी हो रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जल्द स्टेशन पर सभी सुविधाएं दुरुस्त कर दी जाएंगी।

टिकट के मूल्य के बराबर ही डालनी होगी नकदी, डेबिट कार्ड से भी पेमेंट

देहरादून रेलवे स्टेशन के वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर लगाई गई ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन में से एक में नकद भुगतान करने की सुविधा है, जबकि दूसरी में डेबिट कार्ड से पेमेंट किया जा सकता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि जिस मशीन में नकद भुगतान की सुविधा है, उसमें यात्री को टिकट मूल्य के बराबर ही नकदी डालनी होगी। इसके अलावा इन मशीनों से प्लेटफार्म टिकट भी प्राप्त किए जा सकते हैं।

 

नियमित नहीं चल रही स्वचालित सीढ़ी

दून स्टेशन में लगी स्वचालित सीढ़ी नियमित रूप से नहीं चल रही है। जिससे  महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को परेशानी हो रही है। हालांकि, अधिकारियों से शिकायत के बाद सोमवार को स्वचालित सीढ़ी चलाई गई।

स्टेशन में लगे सुरक्षा यंत्र बंद

सुरक्षा के लिहाज से देहरादून रेलवे स्टेशन बेहद संवेदनशील माना जाता है। पूर्व में कई बार स्टेशन पर बम मिलने की अफवाहें भी उड़ चुकी हैं। इसके बावजूद स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था से अधिकारी नजरें फेरे हुए हैं। स्टेशन के मुख्यद्वार पर दो मेटल डिटेक्टर लगे तो हैं, मगर चलता इनमें से एक भी नहीं। इसके अलावा स्टेशन पर तैनात जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की संख्या भी नाकाफी है। 

पानी की व्यवस्था चरमराई

यार्ड री-मॉडलिंग के दौरान स्टेशन पर कई निर्माण कार्य किए गए। जिससे पेयजल लाइनों में कई जगह फाल्ट आ गया है। इससे कुछ प्लेटफार्मों पर पेयजल सप्लाई बाधित है। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, स्टेशन प्रबंधन इसे दुरुस्त कराने में जुटा हुआ है।

यह भी पढ़ें: दून रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का संचालन शुरू, नंदा देवी एक्सप्रेस रही दून आने वाली पहली ट्रेन Dehradun News

नहीं मिल रही कुल्हड़ वाली चाय 

रेलवे स्टेशन पर सिंगल यूज प्लास्टिक बंद करने के बाद यात्रियों के लिए कुल्हड़ में चाय की व्यवस्था की गई थी। लेकिन, फिलहाल स्टेशन पर यात्रियों को कुल्हड़ वाली चाय नहीं मिल पा रही है। जिसकी वजह है कुल्हड़ों का टोटा। वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि नजीबाबाद से कुल्हड़ मंगवाए गए हैं। एक-दो दिन में स्टेशन पर कुल्हड़ में चाय मिलने लगेगी। 

यह भी पढ़ें: लंबे इंतजार के बाद देहरादून रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई छुक-छुक Dehradun News