Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्‍तराखंड में पहाड़ों पर जोरदार बारिश, नदियां फिर उफान पर; ऋषिकेश में गंगा चेतावनी निशान के पार

    Updated: Sat, 23 Aug 2025 07:46 PM (IST)

    लगातार बारिश से नदियां फिर उफान पर हैं गंगा चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है। बीन नदी में जलस्तर बढ़ने से लोगों को जोखिम उठाना पड़ रहा है। रानीपोखरी-नरेंद्रनगर मार्ग गुजराड़ा में बंद है। बद्रीनाथ राजमार्ग खुला है लेकिन मलबा गिर रहा है। बीन नदी पर पुल बनाने की मांग दशकों से लंबित है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है।

    Hero Image
    बीन नदी का जल स्तर भी बढ़ा। जागरण

    जागरण संवाददाता, ऋषिकेश । पहाड़ से मैदान तक लगातार हो रही वर्षा से नदियां फिर उफान पर हैं। गंगा का जल स्तर चेतावनी निशान को पार कर गया। बीन नदी भी उफान पर रही। यहां बामुश्किल दोपहिया सवार नदी पार कर गए। कुछ वाहन पानी में फंसे रहे। पुलिस टीमें लगातार गंगा तटों पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। रानीपोखरी से नरेंद्रनगर जाने वाला मार्ग गुजराड़ा में बंद हो गया। बदरीनाथ हाईवे खुला रहा। लेकिन बीच-बीच में जगह- जगह पहाड़ से मलबा गिरता रहा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दो दिन मौसम साफ रहने के बाद एक बार फिर वर्षा का दौर शुरू हो गया है। तीर्थनगरी और आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम से मूसलधार वर्षा शुरू हुई। सुबह तक वर्षा जा रही। पहाड़ के जिलों में भी लगातार वर्षा हो रही है। इससे गंगा का जल स्तर बढ़ गया। ऋषिकेश में गंगा चेतावनी निशान से ऊपर रही। जल स्तर 339.65 मीटर रहा। जबकि चेतावनी निशान 339.50 मीटर है। गंगा के साथ बीन नदी भी उफान पर रही।

    कौड़िया, किमसार, गंगा भोगपुर के इलाके लोग इससे परेशान रहे। इस क्षेत्र के लोगों का बाजार ऋषिकेश है। इसके साथ ही हरिद्वार जाने के लिए वैकल्पिक रूट के तौर पर इस मार्ग का प्रयोग होता है। सुबह बीन नदी उफान पर रहने के कारण दोपहिया वाहन चालक इसे पार नहीं कर पाए। दोपहर बाद जल स्तर कुछ कम होने से दोपहिया चालक जान जोखिम में डालकर इस रास्ते को पार करते हैं। आसपास के गांव वालों के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं होने के कारण वह जान जोखिम में डालकर निकले।

    रानीपोखरी से नरेंद्रनगर जाने वाला वैकल्पिक मार्ग गुजराड़ा में बंद हो गया। मार्ग बंद होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी लगाकर मार्ग को खोलने का प्रयास शुरू किया। देर शाम तक मार्ग नहीं खुल पाया है। बदरीनाथ हाईवे खुला रहा। लेकिन कौड़ियाला और शिवपुर के बीच मलबा आता रहा। पुलिस टीमें त्रिवेणी घाट से लेकर बीन नदी के किनारे लोगों को जागरूक कर रही है।

    मुनिकीरेती थाने के यातायात प्रभारी निरीक्षक उमा दत्त सेमवाल ने बताया कि बदरीनाथ हाईवे खुला हुआ है। गुजराड़ा में मार्ग बंद रहा।

    बीन नदी पर पुल की दशकों पुरानी है मांग

    बीन नदी पर पुल बनाने की मांग दशकों पुरानी है। हर साल बरसात के समय बीन नदी उफान पर रहती है। इससे आसपास क्षेत्र के गांवों के लोग परेशान रहते हैं। पुल निर्माण जल्द शुरू करने का दावा किया जा रहा है। जब तक पुल निर्माण नहीं हो जाता तब तक लोगों को दिक्कत उठानी पड़ेगी।